शिवाजी स्टेडियम से कर्तव्य भवन तक दौड़ेगी अंडरग्राउंड मेट्रो, सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर निर्माण के लिए टेंडर जारी
डीएमआरसी ने फेज पांच (ए) के सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। यह शिवाजी स्टेडियम से कर्तव्य भवन तक भूमिगत सुरंग होग ...और पढ़ें

शिवाजी स्टेडियम से कर्तव्य भवन तक दौड़ेगी अंडरग्राउंड मेट्रो। फोटो: आर्काइव

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने फेज पांच (ए) के सेंट्रल विस्टा काॅरिडोर के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अंतर्गत शिवाजी स्टेडियम से कर्तव्य भवन तक भूमिगत काॅरिडोर सुरंग का निर्माण किया जाएगा।
इस हिस्से पर केंद्रीय सचिवालय व कर्तव्य भवन दो भूमिगत मेट्रो स्टेशन बनेंगे। यह कारिडोर फेज पांच ए में स्वीकृत आरके आश्रम-इंद्रप्रस्थ मेट्रो लाइन का हिस्सा है।
केंद्र सरकार ने हाल ही में दिल्ली मेट्रो के फेज पांच (ए) के अंतर्गत एरोसिटी-एयरपोर्ट टर्मिनल एक, तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज और आरके आश्रम-इंद्रप्रस्थ काॅरिडोर को अनुमति दी है।
9.913 किलोमीटर लंबे आरके आश्रम-इंद्रप्रस्थ काॅरिडोर के निर्माण पर लगभग 9570 करोड़ रुपये खर्च होंगे। तीन वर्षों में इसका निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके पूरे होने के बाद पश्चिमी, उत्तरी और पुरानी दिल्ली की मध्य दिल्ली के साथ कनेक्टिविटी में सुधार होगा। इसी लाइन पर नार्थ और साउथ ब्लाक को जोड़ा जाएगा। नार्थ और साउथ ब्लाॅक को संग्रहालय में बदला जाना है, जिसे युगे युगीन भारत संग्रहालय कहा जाएगा।
इसी लाइन पर कर्तव्य पथ के भवनों को भी जोड़ा जाएगा। इस सेक्शन पर आरके आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, केंद्रीय सचिवालय, कर्तव्य भवन, बड़ौदा हाउस, इंडिया गेट, वार मेमोरियल-हाई कोर्ट, भारत मंडपम, और इंद्रप्रस्थ स्टेशन होंगे।
यह काॅरिडोर सेंट्रल विस्टा में बने कर्तव्य पथ के सभी भवनों को कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इससे इस क्षेत्र के कार्यालय जाने वालों और आगंतुकों को सीधे कार्यालय तक पहुंचने में आसानी होगी। इस कनेक्टिविटी से दैनिक आधार पर कार्यालय जाने वाले लगभग 60 हजार कर्मचारियों और दो लाख आगंतुकों को लाभ होगा।