बसों में मुफ्त सफर के लिए दिल्ली में कब से अनिवार्य होगा 'सहेली पिंक कार्ड'? पहले 1 अगस्त से होना था लागू
दिल्ली में महिलाओं के मुफ्त बस सफर के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अब 1 अगस्त की बजाय 16 अगस्त से अनिवार्य होगा। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड 16 अगस्त से होगा अनिवार्य।
महिलाओं के मुफ्त बस सफर के लिए नई तारीख।
डीटीसी ने कार्ड बनवाने की अवधि बढ़ाई।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में 1 अगस्त से महिलाओं के फ्री बस सफर के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड लागू होना था, लेकिन अब इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई है।
जिन महिलाओं ने अब तक पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं बनवाया है उन्हें राहत देते हुए डीटीसी ने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनाने की अवधि बढ़ा दी है। अब दिल्ली की डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा के लिए 16 अगस्त से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अनिवार्य होगा।
बता दें कि पिंक कार्ड अभी बन रहे हैं और इनकी संख्या 17 लाख को पार कर चुकी है। डीटीसी ने पहले 1 अगस्त से मुफ्त सफर के लिए पिंक कार्ड अनिवार्य करने की घोषणा की थी, मगर महिलाओं की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए पिंक कार्ड बनाने की अवधि बढ़ाई गई है।
अभी कैसे सफर कर रहीं महिलाएं?
वर्तमान समय में महिलाएं पिंक टिकट के जरिए बसों में मुफ्त सफर कर रही हैं। 16 अगस्त से बसों में मुफ्त सफर के लिए पिंक कार्ड अनिवार्य हो जाएगा।
कागज आधारित टिकट को बंद करने की कवायद
डीटीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक 16 अगस्त से, पिंक टिकट केवल उन महिला यात्रियों को जारी किए जाएंगे जिनके पास वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड है, जिसे उन्हें बस में चढ़ते समय टैप करना होगा। ये महिला यात्री योजना की शर्तों के अनुसार मुफ्त बस सेवा का लाभ उठाना जारी रख सकेंगी।
अधिकारियों के अनुसार, मौजूदा कागज आधारित पिंक टिकट को धीरे-धीरे बंद करने और मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठाने के लिए स्मार्ट कार्ड आधारित प्रणाली पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है।
खरीदना होगा सामान्य टिकट
इसलिए 16 अगस्त से, जिन महिला यात्रियों के पास पिंक सहेली कार्ड नहीं है, उन्हें पिंक टिकट जारी नहीं किए जाएंगे और उन्हें डीटीसी और परिवहन विभाग (क्लस्टर) की बसों में यात्रा करने के लिए लागू किराया देकर सामान्य टिकट खरीदना होगा।
डीटीसी द्वारा जारी एक आदेश में यह भी कहा गया है कि दिल्ली सरकार ने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी करने की सुविधा के लिए शहर भर में 50 अधिकृत केंद्र स्थापित किए हैं।