Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रेहड़ी से कूरियर तक... दिल्ली में ड्रग्स सप्लाई के नए तरीकों का खुलासा, आइसक्रीम वाला तस्कर गिरफ्तार

    Updated: Tue, 11 Aug 2026 10:35 PM (IST)

    दिल्ली पुलिस ने कमला मार्केट इलाके से एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी साइकिल पर आइसक्रीम बेचने की आड़ में 1.320 किलोग्राम गांजे की तस् ...और पढ़ें

    एआई जेनेरेटेड इमेज।

    एआई जेनेरेटेड इमेज।

    HighLights

    1. दिल्ली में आइसक्रीम विक्रेता की आड़ में गांजा तस्करी।

    2. कमला मार्केट पुलिस ने 1.320 किलोग्राम गांजा बरामद किया।

    3. आरोपी मनोज कुमार राय दो साल से सक्रिय था।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में पुलिस की नजरों से बचकर नशीले पदार्थों की तस्करी करने के लिए तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कमला मार्केट थाना पुलिस ने ऐसे ही एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो साइकिल पर आइसक्रीम बेचने की आड़ में गांजे की तस्करी कर रहा था।

    आरोपित की पहचान सब्जी मंडी, घंटा घर के मनोज कुमार राय के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1.320 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपित पिछले करीब दो वर्ष से इस अवैध धंधे में शामिल था।

    मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, आठ अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे कमला मार्केट थाना पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी।

    इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रामलीला मैदान के पास एक व्यक्ति साइकिल पर आइसक्रीम बेचने की आड़ में गांजे की आपूर्ति कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और संदिग्ध साइकिल सवार को रोककर पूछताछ शुरू की।

    पुलिस के मुताबिक, साइकिल पर आइसक्रीम का बाक्स लगा हुआ था। बाक्स के नीचे एक बैग रखा था। तलाशी के दौरान बैग से गांजे की तेज गंध आई। पुलिस ने बैग की जांच की तो उसमें 1.320 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

    इसके बाद पुलिस ने नशीला पदार्थ जब्त कर मनोज कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपित को अदालत में पेश करने के बाद एक दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया है।

    खबरें और भी

    ओडिशा से आने वाले गांजे की करता था सप्लाई

    पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह आर्थिक तंगी के कारण करीब दो वर्ष पहले नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल हुआ था। वह मुख्य तस्करों से गांजा खरीदकर अलग-अलग इलाकों में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था।

    पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गांजा ओडिशा से दिल्ली लाया जाता था और आरोपित इसे स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने वाले लोगों से खरीदता था।

    आइसक्रीम के अलावा इन तरीकों से हो रही ड्रग्स की सप्लाई

    आरोपित ने पुलिस को बताया कि गिरफ्तारी से बचने और पुलिस की नजरों से दूर रहने के लिए उसने साइकिल पर आइसक्रीम बेचने का तरीका अपनाया था। आइसक्रीम बेचने के बहाने वह अलग-अलग इलाकों में घूमता था और इसी दौरान ग्राहकों तक गांजे की आपूर्ति करता था।

    पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजा उसने प्रियदर्शनी कालोनी में सक्रिय मुख्य सप्लायरों से खरीदा था। उसने यह भी बताया कि उसके साथी अलग-अलग तरीकों से ड्रग्स की सप्लाई कर रहे हैं। कुछ तस्कर रेहड़ी पटरी की आड़ में तो कुछ कूरियर के जरिये भी नशे के कारोबार में शामिल हैं।

    मुख्य सप्लायरों की तलाश में जुटी पुलिस

    फिलहाल कमला मार्केट थाना पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। पुलिस बरामद गांजे के स्रोत का पता लगाने के साथ ही सक्रिय सप्लायरों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

    पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपित अब तक कितने लोगों को गांजे की सप्लाई कर चुका है और उसके संपर्क में कौन-कौन से तस्कर थे।

    यह भी पढ़ें- गांजा पीकर फ्लाइट उड़ा रहा था एअर इंडिया का पायलट, दूसरे टेस्ट में हुई पुष्टि; सीट से गायब होने का भी अंदेशा

    यह भी पढ़ें- Bihar News : नशे की तस्करी का नया रूट बना पटोरी? रेल मार्ग से पहुंच रही हेरोइन और गांजा की खेप