दिल्ली में अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, तीन तस्कर गिरफ्तार
मध्य दिल्ली की हौज काजी पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 8.505 किलोग्राम गांजा और ...और पढ़ें
-1774745346899_m.webp)
दिल्ली में अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी का भंडाफोड़।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के हौज काजी थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफाेड़ कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है। गिरफ्तार ड्रग तस्करों की पहचान बिहार, मधेपुरा के बिनोद कुमार, खगड़िया के सोनू कुमार मंडल और संजीत कुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है।
मध्य जिला के उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, 24 मार्च को हौजकाजी पुलिस को एक्सेलसियर सिनेमा के पास एक गली में अवैध नशे के कारोबार की सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जहां मोहम्मद अली नामक व्यक्ति स्मैक का सेवन करते हुए पकड़ा गया।
जाल बिछाकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया
पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि उसने यह नशीला पदार्थ पहाड़गंज पुल के पास रहने वाले सोनू से खरीदा था। उसके बाद 27 मार्च को तोड़ापुर इलाके में जाल बिछाकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया, जो गांजा, स्मैक और हेरोइन की सप्लाई में संलिप्त पाए गए। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 8.505 किलोग्राम गांजा और 10 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि वे दिल्ली के सदर बाजार, रघुबीर नगर और बिहार से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त करते थे। उन्होंने बताया कि ‘मैंगो ब्रीड’ गांजा बिहार से 5 से 6 हजार रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से खरीदा जाता था और दिल्ली में 13 हजार रुपए प्रति किलोग्राम में बेचा जाता था। फिलहाल पूरे गिरोह के बारे में पता किया जा रहा है।