क्या CJP Protest में घुसे अराजक तत्व? दिल्ली पुलिस ने 10 FIR दर्ज कर शुरू की बड़ी कार्रवाई
नीट पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में अराजकतत्वों के घुसने और उपद्रव के बाद दिल्ली पुलिस ने 10 एफआईआर दर्ज की हैं। ...और पढ़ें

जंतर मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के कारण बंद पड़ा टाॅलस्टॉय मार्ग। जागरण
HighLights
जंतर मंतर प्रदर्शन में अराजकतत्वों ने पुलिस, मीडिया को निशाना बनाया।
दिल्ली पुलिस ने उपद्रव के संबंध में कुल 10 एफआईआर दर्ज कीं।
क्राइम ब्रांच जांच करेगी, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों पर रोक लगी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नीट पेपर लीक के विरोध और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शनकारियों के बीच अराजकतत्व घुस गए हैं। अराजकतत्व, पुलिसकर्मियों के अलावा मीडिया कर्मियों को भी निशाना बनाने लगे हैं। बुधवार सुबह पहले अराजकतत्वों ने संसद मार्ग पर थाने से चंद कदम की दूरी एसबीआई के पास एक मीडिया कर्मी के साथ बदसलूकी की और उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
10 हो गई है एफआईआर की संख्या
दोपहर में जंतर-मंतर पर कानून व्यवस्था का जायजा लेने आए संयुक्त आयुक्त मधुर वर्मा को मंच की तरफ जाने से रोक दिया गया और बोतल से उनपर पानी फेंका गया, जिसके बाद पुलिस के जवान उन्हें सुरक्षा घेरे में लेकर सुरक्षित जगह पर लेकर आ गए।
सोमवार को जंतर-मंतर, संसद मार्ग, टाॅलस्टाॅय मार्ग, रायसीना रोड, जनपथ, अशोक रोड व कर्तव्य पथ आदि सड़कों पर उपद्रव करने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने चार और नई एफआईआर दर्ज की है। उपद्रव करने के मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर की संख्या अब 10 हो गई है।

पूर्व नियोजित योजना?
पुलिस मुख्यालय सूत्रों के मुताबिक चार एफआईआर संसद मार्ग थाने, तीन कनाॅट प्लेस, एक बाराखंभा, एक कर्तव्य पथ और एक मंदिर मार्ग थाने में दर्ज की गई है। संसद मार्ग थाने में दर्ज चार एफआईआर में एक एफआईआर बिना अनुमति के अति संवेदनशील इलाके में प्रदर्शनकारियों द्वारा ड्राेन उड़ाने और दूसरी एफआईआर सुनियोजित आपराधिक साजिश रचकर उपद्रव करने को लेकर दर्ज की गई है। पुलिस को शक है कि सोमवार को पूर्व नियोजित योजना के तहत ही नई दिल्ली जिले में उपद्रव किया गया।
खबरें और भी

सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया
इस एफआईआर में पुलिस ने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके समेत पांच को नामजद किया गया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि बाकी के सभी आठ एफआईआर, दंगा करने, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने, सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने आदि धाराओं में दर्ज की गई है।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के अनुसार पुलिस में आगे इन मुकदमों में कुछ अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ सकती है। मुख्यालय सूत्रों के मुताबिक पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने सभी 10 मुकदमों की जांच क्राइम ब्रांच से कराने का निर्णय किया है।
इससे जल्द सभी मुकदमे नई दिल्ली जिले के थानों से क्राइम ब्रांच में ट्रांसफर किए जा सकते हैं। क्राइम ब्रांच इन मुकदमों की जांच के लिए एसआइटी गठित कर सकती है।

निहंगों ने जमकर लहराए तलवार
पुलिस अभी पहले जंतर-मंतर पर कानून व्यवस्था की स्थिति संभालने में जुटी हुई हैं। इसके बाद कैमरों के फुटेज, मोबाइल से बनाए गए वीडियो और चेहरा पहचानने की तकनीक आदि से उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें धर पकड़ की कार्रवाई शुरू करेगी। मंगलवार को जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में निहंग भी प्रदर्शन में शामिल हुए थे जिन्होंने जमकर तलवारें लहराई थी।
सोमवार को उपद्रव के दौरान बड़ी संख्या में महिला पुलिस अधिकारी भी घायल हो गई थी, जिनमें संयुक्त आयुक्त नुपूर प्रसाद, एडिशनल पुलिस कमिश्नर मोनिका भारद्वाज, एडिशनल डीसीपी निहारिका भट्ट, श्रृष्टि पांडे व ऐश्वर्या आदि शामिल थी।

पुलिसकर्मियों के लिए यूनिफाॅर्म अनिवार्य
सीजेपी के संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों द्वारा लाठीचार्ज के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद दिल्ली पुलिस मुख्यालय ने निर्देश जारी किया है कि जंतर-मंतर पर तैनात सभी पुलिसकर्मी केवल यूनिफाॅर्म में ही ड्यूटी करेंगे, सादे कपड़ों में नहीं।
मंगलवार देर रात जारी निर्देश में कहा गया है कि पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में नहीं होना चाहिए। सभी लोग पुलिस की वर्दी में ही प्रदर्शन स्थल के आसपास तैनात होंगे। दरअसल सोमवार को संसद मार्च के बाद कई वीडियो प्रसारित हुए, जिनमें सादे कपड़ों में कुछ लोग पुलिस की लाठियों से प्रदर्शनकारियों पर हमला करते दिख रहे हैं।
सीजेपी ने इंटरनेट मीडिया पर सवाल उठाया कि सादे कपड़ों में लाठियों से लैस ये गुंडे कौन हैं? हमें पीटने के लिए आपने किसे काम पर रखा है? जिसके बाद यह निर्देश जारी किया गया।
यह भी पढ़ें- जंतर मंतर, टाॅलस्टाॅय और संसद मार्ग भी प्रदर्शनकारियों के कब्जे में; आखिर CJP क्यों नहीं हटने को तैयार?
यह भी पढ़ें- प्रोटेस्ट के बीच जंतर-मंतर बना अनोखा फूड हब, प्रदर्शनकारियों के लिए मिल रहे पिज्जा-बर्गर के गुमनाम ऑर्डर