Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कांवड़ यात्रा के लिए दिल्ली में ट्रैफिक प्लान तैयार, 9 से 12 अगस्त तक कई कांवड़ मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 07:50 AM (IST)

    दिल्ली यातायात पुलिस के अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। 9 से 12 अगस्त तक कई कांवड़ मार्गों पर ट्रैफिक डायव ...और पढ़ें

    AI जनरेटेड।

    AI जनरेटेड।

    HighLights

    1. यातायात पुलिस ने कांवड़ मार्गों और शिविरों का निरीक्षण किया।

    2. 9 से 12 अगस्त तक कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन।

    3. दिल्ली में 1828 कांवड़ शिविर, 308 कर्मी तैनात।

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए दिल्ली यातायात पुलिस के अधिकारी बुधवार को सड़कों पर उतरे। यातायात पुलिस के विशेष आयुक्त मनीष अग्रवाल व अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विजयंता आर्या व पूर्वी रेंज के जिला पुलिस उपायुक्त के रमेश ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। गाजीपुर से लेकर अप्सरा बार्डर तक अधिकारियों ने निरीक्षण किया।

    इसके साथ ही जगह-जगह बन लग रहे कांवड़ शिविरों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दावा किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक सुचारू चले इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है।

    अधिकारियों ने बताया कि सड़कों पर जाम न लगे व कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए विशेष योजना बनाई गई है। इसी संबंध में नौ अगस्त से कई कांवड़ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा।

    306 ट्रैफिक रेगुलेशन प्वाइंट बनाए जाएंगे

    विशेष आयुक्त मनीष अग्रवाल ने कहा कि 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलने वाली यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए राजधानी में 308 ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की गई और 306 ट्रैफिक रेगुलेशन प्वाइंट बनाए जाएंगे।

    दिल्ली में कुल 1828 कांवड़ शिविर लगाए जाएंगे। यमुनापार में अधिक 640 कांवड़ शिविर व नई दिल्ली रेंज में 178 कांवड़ शिविर लगाए जाएंगे।

    यात्रा के दौरान गाजीपुर, भोपुरा, महाराजपुर, सोनिया विहार, अप्सरा, लोनी और डीएलएफ बार्डर से बड़ी संख्या में कांवड़िया दिल्ली में प्रवेश करेंगे। इनके लिए अलग-अलग निर्धारित मार्ग तय किए गए हैं, जिनसे होकर वे हरियाणा, राजस्थान और अन्य राज्यों की ओर आगे बढ़ेंगे।

    कई मार्गों पर रहेगा वाहनों का दबाव

    पूर्वी रेंज के जिला पुलिस उपायुक्त के रमेश ने कहा कि नौ अगस्त सुबह सात बजे से 12 अगस्त रात आठ बजे तक कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन और सड़क बंदी लागू रहेगी। अप्सरा बार्डर से यमुना पुल तक जीटी रोड सामान्य वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगी।

    खबरें और भी

    वहीं, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों और उनके सहयोगी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कांवड़ यात्रा के दौरान जीटी रोड, वजीराबाद रोड, पुश्ता रोड, महात्मा गांधी मार्ग (रिंग रोड), मथुरा रोड, जीटी करनाल रोड, रोहतक रोड, नजफगढ़ रोड, लोनी रोड और आशाराम त्यागी मार्ग पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।

    यह भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा: गाजियाबाद में 29 जुलाई से ट्रैफिक डायवर्जन लागू, जानें कौन-से रास्ते रहेंगे बंद

    ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें

    उन्होंने आम वाहन चालकों से अपील की 9 से 11 अगस्त के बीच यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें, अतिरिक्त समय लेकर निकलें और कांवड़ मार्गों से बचें। साथ ही एंबुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए इमरजेंसी लेन खाली रखने और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।