विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सत्य निकेतन हादसा: PM मोदी ने पीड़ित परिवारों के प्रति जताई संवेदना, कहा- राहत व बचाव कार्य में जुटे हैं अधिकारी

Published: Sun, 06 Sep 2026 07:59 PM (IST)

दिल्ली के सत्य निकेतन में एक पांच मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी ...और पढ़ें

सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर पीएम मोदी ने जताया दुख।

सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर पीएम मोदी ने जताया दुख।

HighLights

  1. सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढही, तीन की मौत।

  2. बॉयज पीजी में कई छात्र फंसे, बचाव कार्य जारी।

  3. पीएम मोदी ने घटना पर दुख जताया, सीएम भी पहुंचीं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के साउथ-वेस्ट क्षेत्र के सत्य निकेतन में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक पांच मंजिला इमारत ढह गई। इसमें अब तक तीन लोगों की मौत की खबर है। कई लोग अब भी फंसे हैं। एनडीआरएफ और दिल्ली पुलिस राहत एवं बचाव कार्य जारी रखे हुए है। वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय ने घटना पर दुख जताया है।

यह इमारत ‘हॉस्टल डेज’ नाम से बॉयज पेइंग गेस्ट (पीजी) अकॉमोडेशन के रूप में चल रही थी और दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास नानकपुरा गुरुद्वारे के निकट स्थित है। इमारत लगभग 40-50 साल पुरानी बताई जा रही है, जिसमें बेसमेंट और पांच ऊपरी मंजिलें थीं।

कई छात्र अब भी मलबे में फंसे

पुलिस और फायर विभाग को करीब 1:33-1:34 बजे सूचना मिली। मलबे के नीचे कई छात्र फंसे होने की आशंका है। चश्मदीदों और शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमारत में करीब 15 कमरे थे, जिनमें दो-तीन छात्र प्रति कमरा रहते थे।

ज्यादातर छात्र केरल, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से थे तथा मोतीलाल नेहरू कॉलेज, आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज और श्री वेंकटेश्वर कॉलेज जैसे संस्थानों में पढ़ते थे। बेसमेंट में मरम्मत या निर्माण कार्य चल रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि नींव कमजोर थी और पानी जमा हो गया था, जिससे ढहने की घटना हुई हो सकती है।

रेस्क्यू अभियान जारी

अब तक कई लोगों को बचाया जा चुका है। रिपोर्ट्स में एक से तीन मौतें और छह से नौ लोगों के बचाव का जिक्र है। घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर समेत अस्पतालों में ले जाया गया, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई गई। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस, डीडीएमए, एमसीडी और अन्य एजेंसियां मौके पर काम कर रही हैं। आसपास की इमारत को एहतियातन खाली कराया गया।

इमारत ढहने की घटना दुखद: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “दिल्ली के सत्य निकेतन में एक इमारत के ढहने की घटना दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उन्हें मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। अधिकारी मौके पर काम कर रहे हैं और प्रभावितों की सहायता कर रहे हैं।” दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौके पर पहुंचीं और कहा कि रेस्क्यू युद्ध स्तर पर चल रहा है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में तीन माह में दूसरी बार ढही इमारत, हादसे पर राहुल गांधी ने जताया दुख; NSUI के कार्यकर्ता भी जुटे

यह भी पढ़ें- दिल्ली में लगातार गिर रहीं इमारतें, सत्य निकेतन में चार साल में दूसरी घटना; जानें कब-कब हुए हादसे