परिवार की ओर से रिश्ते का विरोध किए जाने के कारण वह काफी समय से मानसिक तनाव में थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को इंद्रपुरी थाना पुलिस को एक किशोरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोरी को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार के विरोध के चलते रहती थी तनाव में
जांच में सामने आया कि किशोरी अपने परिवार के साथ इंद्रपुरी इलाके में रहती थी। परिवार में उसकी तीन बहनें हैं। पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया कि वह एक युवक से प्रेम करती थी और उसी से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार इस रिश्ते के पक्ष में नहीं था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
युवक ने पहले ही जताई थी आशंका
पुलिस ने बताया कि जिस युवक से किशोरी विवाह करना चाहती थी, उसने पहले ही थाने में शिकायत देकर आशंका जताई थी कि लड़की कोई गलत कदम उठा सकती है। इस शिकायत को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की जांच जारी
पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही किशोरी के मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।