Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में ‘ठक-ठक’ गैंग का खुलासा: NRI दंपति से लाखों की ठगी, पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा

    Updated: Sat, 18 Apr 2026 07:07 AM (IST)

    दिल्ली कैंट पुलिस ने 'ठक-ठक' गिरोह के एक सदस्य कुणाल को गिरफ्तार किया है। उस पर 12 अप्रैल को धौलाकुआं के पास एक एनआरआई दंपति से लाखों के गहने, कनाडाई ...और पढ़ें

    ठक- ठक गिरोह ने एनआरआइ दंपति को बनाया था शिकार। (AI Generated Image)

    ठक- ठक गिरोह ने एनआरआइ दंपति को बनाया था शिकार। (AI Generated Image)

    HighLights

    1. ठक-ठक गिरोह का सदस्य कुणाल दिल्ली कैंट से गिरफ्तार।

    2. एनआरआई दंपति से लाखों के गहने, डॉलर और दस्तावेज चोरी।

    3. पुलिस ने चोरी का सारा सामान बरामद किया, चार मामले सुलझे।

    जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली कैंट थाना अंतर्गत सुब्रतो पार्क पुलिस चौकी की टीम ने ''ठक-ठक'' गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है।

    इस पर आरोप है कि 12 अप्रैल को इसने एक एनआरआइ दंपति से इसने मदद मांगने के बहाने झांसे में लेकर उनकी टैक्सी से लाखों के गहने, कनाडाई डालर और जरूरी दस्तावेज उड़ा लिए।

    ऐसे लिया झांसे में 

    वारदात धौलाकुआं के पास रिंग रोड पर हुई। पीड़ित दीदार सिंह अपनी पत्नी के साथ टैक्सी से जा रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो युवकों ने उन्हें हाथ देकर रुकने का इशारा किया। मदद मांगने का नाटक करते हुए आरोपितों ने खुद को रास्ता भटका हुआ बताया और मदद मांगने के बहाने दीदार सिंह को बातों में उलझा लिया।

    इस दौरान ही ध्यान भटकाते हुए जब एक आरोपित चालक की खिड़की पर बात कर रहा था, तभी दूसरे आरोपित ने नजर बचाकर गाड़ी के दूसरी तरफ से कीमती बैग उठा लिया। जैसे ही बैग हाथ लगा, दोनों आरोपित अपनी स्कूटी से ट्रैफिक के बीच से तेजी से रफूचक्कर हो गए।

    ऐसे आए गिरफ्त में

    दक्षिण पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि मामले को सुलझाने के लिए दिल्ली कैंट एसीपी अनिल कुमार की देखरेख, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्योराम यादव के नेतृत्व में एसआइ जसबीर मलिक, मनीष मीणा की टीम का गठन किया गया।

    पुलिस टीम ने रिंग रोड, टोडापुर और इंद्रपुरी इलाके के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। टेक्निकल सर्विलांस और स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपित कुणाल को मदनगीर से धर दबोचा गया। पुलिस के अनुसार आरोपित पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट के आठ मामलों में शामिल रहा है।

    खबरें और भी

    इस गिरफ्तारी से दिल्ली कैंट इलाके के चोरी के चार अन्य मामले भी सुलझ गए हैं। आरोपित कुणाल के पास से चोरी किया गया सारा सामान बरामद कर लिया है।

    ये चीजें हुईं बरामद

    बरामदगी में सोने की दो अंगूठियां, एक जोड़ी कान के टाप्स, एक जोड़ी बड़े झुमके, एक जोड़ी छोटे झुमके, झुमके की चेन, एक हीरे जड़ी सोने की चेन, एक सोने की नथ, 3000 कनाडाई डालर और 10,000 भारतीय रुपये शामिल हैं।

    आरोपित के कब्जे से पीड़ित का पासपोर्ट और कनाडाई परमानेंट रेजिडेंट कार्ड भी बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही चांदी का कड़ा, चांदी की कान की पिनें, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी पुलिस ने बरामद किया है।

    यह भी पढ़ें- बाराबंकी पुलिस ने 50 हजार के इनामी अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना को दबोचा, विदेशी करेंसी बदलने के नाम पर करता था ठगी

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत तीन जालसाज गिरफ्तार

    यह भी पढ़ें- लखनऊ में कैंसर पीड़ित बुजुर्ग को 15 दिनों तक रखा 'डिजिटल अरेस्ट', ATS और CBI अफसर बनकर जालसाजों ने ठगे 1.29 करोड़