विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में जाम से निपटने को ट्रैफिक पुलिस की नई रणनीति, हॉटस्पॉट्स पर पहले से होगी निगरानी

Updated: Tue, 01 Sep 2026 06:07 AM (IST)

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अब संवेदनशील और जाम वाले स्थानों पर पहले से नजर रखेगी, साथ ही सभी विभागों के साथ ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. ट्रैफिक पुलिस जाम वाले स्थानों पर पहले से नजर रखेगी।

  2. उपराज्यपाल ने ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

  3. ब्रिक्स सम्मेलन के लिए तकनीक आधारित ट्रैफिक व्यवस्था की तैयारी जारी है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली की सड़कों पर जाम की समस्या से निपटने के लिए अब ट्रैफिक पुलिस संवेदनशील और जाम वाले स्थानों पर पहले से नजर रखेगी। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस संबंधित सभी विभागों और एजेंसियों के साथ मिलकर काम करेगी।

सोमवार को दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने टोडापुर स्थित दिल्ली ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय पहुंचकर ट्रैफिक यूनिट के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक जाम, सड़क सुरक्षा और यातायात से जुड़ी समस्याओं को कम करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।

उपराज्यपाल ने वरिष्ठ ट्रैफिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल किया जाए।

उन्होंने जाम वाले प्रमुख स्थानों पर पहले से प्रभावी प्रबंधन करने के साथ सड़क पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है। कहा कि सड़क सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है।

बैठक में एलजी को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से यातायात सुधार के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ट्रैफिक पाठशाला के बारे में बताया कि इसके जरिये यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को सड़क सुरक्षा और नियमों के प्रति जागरूक किया जाता है।

ट्रैफिक पंचायत में नागरिक एजेंसियों और दूसरे संबंधित पक्षों को यातायात प्रबंधन में शामिल करने के प्रयासों की भी जानकारी दी जाती है।

ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों पर की चर्चा

आगामी ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की तैयारियां भी बैठक में प्रमुख मुद्दा रहीं। अधिकारियों ने एलजी को बताया कि सम्मेलन के दौरान विदेशी राष्ट्राध्यक्षों, सरकारों के प्रमुखों, विदेशी प्रतिनिधियों और अन्य महत्वपूर्ण मेहमानों की आवाजाही के लिए पुख्ता और तकनीक आधारित ट्रैफिक व्यवस्था तैयार की जा रही है।

प्रधानमंत्री और अन्य मंत्रियों की आवाजाही के दौरान भी यातायात को सुचारु बनाए रखने की योजना है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में Wrong Side Driving पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, 527 चालान और नौ FIR

यह भी पढ़ें- पूर्वी दिल्ली में जाम पर लगेगा ब्रेक, कंप्यूटर पर बनेगा ट्रैफिक मॉडल; सड़क-फ्लाईओवर का होगा डिजिटल ट्रायल