50 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं... दिल्ली में फिर बदलेगा मौसम; अगले 2 दिन के लिए IMD का अलर्ट
दिल्ली में रविवार से मौसम फिर बदलेगा, जहां अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहेंगे, तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बिजली चमकने का अनुमान है। ...और पढ़ें
-1777690504499_m.webp)
दिल्ली में चल सकती हैं तेज हवाएं। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बृहस्पतिवार की आंधी-वर्षा के बाद रविवार से दिल्ली का मौसम फिर करवट लेगा। रविवार से मंगलवार तक तीन दिन बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज रफ्तार हवा चलने और हल्की वर्षा होने का भी पूर्वानुमान है।
इसके असर से तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। रविवार व सोमवार के लिए तो मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है। पूर्वानुमान पर जाएं तो इस पूरे सप्ताह ही गर्मी के तेवर नरम रहेंगे।
वर्षा कहीं नहीं हुई
इस बीच अप्रैल माह के सुहावने अंत के बाद मई के पहले दिन शुक्रवार को भी गर्मी के तेवर नरम ही रहे। आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही बनी रही तो धूप भी खिली रही। लेकिन वर्षा कहीं नहीं हुई। बावजूद इसके तापमान 40 डिग्री से कम ही रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री कम 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 72 से 46 रिकार्ड किया गया।
गर्मी से राहत बनी रहेगी
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर-पश्चिम भारत में फिर से मौसम के करवट लेने की स्थिति बन सकती है, जिससे मई के पहले सप्ताह में गर्मी से राहत बनी रहेगी। हालांकि, महीने के अंत में लू की वापसी की संभावना है।