दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मौसम हुआ खुशनुमा, IMD ने कई इलाकों में जारी किया अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया और उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने दिनभर बादलों की आवाजाही, गर्जन और हल्की ...और पढ़ें
HighLights
दिल्ली-एनसीआर में सुबह की बारिश से मिली गर्मी से राहत।
मौसम विभाग ने दिनभर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया।
रेवाड़ी में भी लगातार दूसरे दिन हुई झमाझम बारिश।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह की शुरुआत झमाझम बारिश के साथ हुई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। साथ ही बारिश से सुबह स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले नौकरीपेशा लोगों को भीगते हुए दफ्तर जाना पड़ा।
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का पूर्वानुमान है।
दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री दर्ज
बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे तक वर्षा 11.4 मिमी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। दिन में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज रफ्तार हवाओं के साथ हल्की वर्षा होने की भी संभावना है।
उधर, बुधवार को सुबह 10 बजे दिल्ली का एक्यूआई 65 दर्ज किया गया। इसे 'संतोषजनक' श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के शहरों में भी हवा संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में ही चल रही है। पूर्वानुमान है कि हाल फिलहाल इसमें कुछ खास बदलाव नहीं होगा।
खबरें और भी

इससे पहले, सुबह से शाम तक मंगलवार को धूप छाया का मौसम बना रहा। इसी बीच दोपहर बाद वर्षा हुई तो तापमान में गिरावट के साथ गर्मी से राहत मिल सकी। शाम को भी गर्मी का उतना एहसास नहीं हुआ।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन आसमान में बादल मंडराते रह सकते हैं, लेकिन दोपहर में धूप निकलने के आसार हैं। जिससे तापमान में बढोतरी हो साथ गर्मी का एहसास हो सकता है।

रेवाड़ी में झमाझम बारिश
रेवाड़ी में झमाझम बारिश हो रही है। दो दिन से सुबह के समय बारिश हो रही है। बुधवार को सुबह पांच बजे से हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। आठ बजे के करीब तेज बारिश तेज हो गई। बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के साथ फसलों को भी अच्छी खुराक मिल रही है। जुलाई में अभी तक 70 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।