Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    डीयू में PG कोर्सेज के लिए सीट अलॉटमेंट की पहली लिस्ट आई, वेरिफिकेशन और फीस जमा करने का शेड्यूल जारी

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 06:33 PM (IST)

    डीयू ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए 28 एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों की पहली सीट आवंटन सूची जारी की है। आवंटित सीटों को 6 अगस्त रात 11:59 बजे तक स्वीकार करना ...और पढ़ें

    एक वर्षीय पीजी कोर्स के लिए सीट अलॉटमेंट की लिस्ट जारी। फोटो: आर्काइव

    एक वर्षीय पीजी कोर्स के लिए सीट अलॉटमेंट की लिस्ट जारी। फोटो: आर्काइव

    HighLights

    1. डीयू ने 28 एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों की पहली सूची जारी की

    2. आवंटित सीट 6 अगस्त रात 11:59 बजे तक स्वीकार करें

    3. शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 9 अगस्त रात 11:59 बजे है

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। डीयू ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए एक वर्षीय स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया के तहत पहले चरण का सीट आवंटन जारी कर दिया है।

    जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित हुई है, उन्हें 6 अगस्त रात 11:59 बजे तक अपनी सीट स्वीकार करनी होगी। विश्वविद्यालय ने छात्रों को समय-सीमा का पालन करने और नियमित रूप से प्रवेश पोर्टल पर अपडेट देखने की सलाह दी है।

    28 एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों में शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया

    विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पहले चरण में कुल 28 एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें विज्ञान, मानविकी और भाषा विषयों के कार्यक्रम शामिल हैं।

    विज्ञान संकाय में एमएससी एंथ्रोपोलाॅजी, बायोकैमिस्ट्री, बायोमेडिकल साइंसेज, बाटनी, केमिस्ट्री, कंप्यूटर साइंस, एनवायरनमेंटल साइंसेज, गणित, माइक्रोबायोलॉजी, फिजिक्स, स्टैटिस्टिक्स और जूलाजी जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं।

    वहीं, मानविकी और भाषा वर्ग में एमए अरबी, बांग्ला, फ्रेंच, जर्मन, हिस्पैनिक, इटैलियन, पंजाबी, फारसी तथा हिंदी पत्रकारिता सहित अन्य पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश दिया जा रहा है।

    8 अगस्त तक सत्यापन, 9 अगस्त तक फीस जमा करने का मौका

    प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार, विभाग और संबंधित केंद्र अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदनों का सत्यापन और अनुमोदन 8 अगस्त रात 11:59 बजे तक करेंगे। जिन उम्मीदवारों के आवेदन स्वीकृत हो जाएंगे, उन्हें 9 अगस्त रात 11:59 बजे तक प्रवेश शुल्क जमा करना होगा।

    डीयू की प्रवेश डीन हनीत गांधी ने स्पष्ट किया है कि शेष एक वर्षीय पीजी कार्यक्रमों के लिए सीट आवंटन और प्रवेश कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा।

    विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी महत्वपूर्ण सूचना या बदलाव के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल की जांच करते रहें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी कोई समय-सीमा न छूटे।

    यह भी पढ़ें- जॉब-ओरिएंटेड कोर्स के लिए पॉलिसी की मांग पर हस्तक्षेप से दिल्ली HC का इनकार, कहा- यह सरकार का नीतिगत फैसला

    खबरें और भी