DU Admission 2026: नए शहर में नहीं होंगे परेशान! फ्रेशर्स के लिए PG-Flat ढूंढ रहे सीनियर्स
दिल्ली विश्वविद्यालय के सीनियर्स नए छात्रों को पीजी, हॉस्टल और फ्लैट ढूंढने में मदद कर रहे हैं। वे हेल्पलाइन, ऑनलाइन अभियान और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ...और पढ़ें

दिल्ली विश्वविद्यालय। फाइल फोटो
HighLights
सीनियर्स नए छात्रों को आवास ढूंढने में सहायता कर रहे हैं।
हेल्पलाइन और ऑनलाइन अभियान से सुरक्षित विकल्प मिल रहे हैं।
मेट्रो रूट, बाजार और परिवहन की जानकारी भी दी जा रही है।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। नया शहर नई शुरुआत, चिंता की नहीं है कोई बात, आपके सीनियर्स हैं आपके साथ...। डीयू कालेजों में दाखिले के बाद नए विद्यार्थियों की मदद के लिए सीनियर्स कुछ इसी तरह की मुहिम चला रहे हैं।
डीयू में जल्द ही नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होने वाली है। कालेजों में पढ़ाई के लिए खासी संख्या में बाहरी राज्यों से विद्यार्थी पहुंचते हैं। इन विद्यार्थियों को पीजी, हास्टल या फ्लैट ढूंढने में परेशानी ना हो इसके लिए कालेजों के सीनियर्स हर संभव मदद करने में जुटे हैं।
नए शहर में रहने की जगह तलाशने की चुनौती को देखते हुए कई कालेजों के छात्र हेल्पलाइन और आनलाइन सहायता अभियान चला रहे हैं, ताकि फ्रेशर्स को पीजी, फ्लैट और सुरक्षित आवास आसानी से मिल सके और उन्हें दुविधा या परेशानी का सामना न करना पड़े।
वरिष्ठ छात्रों का कहना है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थी दिल्ली आते हैं, जिन्हें शहर, ट्रांसपोर्टेशन और विभिन्न इलाकों की जानकारी नहीं होती। ऐसे में कई बार वे गलत जानकारी, अधिक किराया वसूलने या फर्जी ब्रोकरों के झांसे में आ जाते हैं। इससे निपटने को मार्गदर्शन दे रहे हैं।
खबरें और भी
बजट और कालेज के हिसाब से दे रहे सुझाव
दक्षिणी दिल्ली के राम लाल आनंद कालेज में द्वितीय वर्ष के छात्र कुलदीप गौतम बताते हैं कि नए विद्यार्थियों की सहायता के लिए डीयू यूनाइट पहल शुरू की है। बाहरी विद्यार्थियों को अक्सर परेशानी होती है, ऐसे में 25 छात्रों की टीम बनाकर हर जरूरी मार्गदर्शन दे रहे हैं।
कालेज के आस-पास उनके बजट और पसंद के हिसाब से पीजी, हास्टल और फ्लैट ढूंढने में मदद कर रहे हैं। इसके लिए इंटरनेट मीडिया के साथ वाट्सएप ग्रुप पर सक्रिय हैं और हेल्पलाइन नंबर साझा किए हैं।
आवास और सुविधाओं की भी दे रहे जानकारी
विद्यार्थियों की मदद में जुटे अंकुश मिश्रा बताते हैं कि फ्रेशर्स को ऐसे इलाकों की जानकारी दी जा रही है जो ज्यादा सुरक्षित हों और जहां से कालेज तक पहुंचना आसान हो। इसके लिए हम खुद जाकर पीजी और फ्लैट का सत्यापन भी कर रहे हैं, ताकि नए विद्यार्थियों को भरोसेमंद विकल्प मिल सकें।
वहीं विवेक यादव का कहना है कि हेल्पलाइन पर विद्यार्थियों को आवास से लेकर कालेज तक मेट्रो रूट, आसपास के बाजार, जरूरी सुविधाओं और परिवहन से जुड़ी जानकारी भी दी जा रही है।
कालेजों की ओर से भी मिल रहा मार्गदर्शन
छात्रों के अलावा कालेज भी विद्यार्थियों के लिए रहने की व्यवस्था ढूंढने में मदद देनने में जुटे हैं। लेडी श्री राम कालेज ने इसके लिए कालेज के इंटरनेट मीडिया एकाउंट पर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं जहां नए विद्यार्थी फोन कर पीजी और फ्लैट की जानकारी पा सकते हैं।
कालेज प्रशासन की माने तो विद्यार्थियों को रहने की जगह उपलब्ध कराने के साथ दिल्ली में सहज और सुरक्षित माहौल देना ही मकसद है।
यह भी पढ़ें- DU Admission 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी यूजी 2nd CSAS Allocation 25 जुलाई को होगा जारी, इस डेट तक ले पाएंगे दाखिला
यह भी पढ़ें- DU Admission 2026: एआई से एडिट किए दस्तावेज अपलोड किए तो रद होगा दाखिला, डीयू की सख्त चेतावनी