DUSU Election: 17 सितंबर को मतदान की संभावना, कैंपस में चुनावी सरगर्मियां तेज
डूसू चुनाव 17 सितंबर को होने की संभावना है, हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया है। छात्र संगठन नए विद्यार्थियों के ...और पढ़ें

डूसू चुनाव 17 सितंबर को होने की संभावना है।
HighLights
डूसू चुनाव 17 सितंबर को होने की संभावना है।
छात्र संगठन नए मतदाताओं को लुभाने में जुटे हैं।
लिंगदोह समिति के दिशानिर्देशों का पालन होगा।
लोकेश शर्मा, नई दिल्ली। डूसू चुनाव इस वर्ष 17 सितंबर को होने की संभावना है। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी आधिकारिक चुनाव कार्यक्रम जारी नहीं किया है, लेकिन कालेज परिसरों में चुनावी माहौल बनना शुरू हो गया है। छात्र संगठनों ने नए विद्यार्थियों के बीच पहुंच बढ़ाने के लिए सदस्यता अभियान, हेल्प डेस्क, परिचय कार्यक्रम और छोटे-छोटे संवाद कार्यक्रम तेज कर दिए हैं।
डूसू का चुनाव दिल्ली विश्वविद्यालय के 69 कालेजों के नियमित छात्रों के लिए होता है। इसके तहत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के चार केंद्रीय पदों के लिए मतदान कराया जाता है। चुनाव में हजारों छात्र अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं। विश्वविद्यालय के करीब 71 हजार स्नातक सीटों वाले इस सत्र में बड़ी संख्या में प्रथम वर्ष के छात्र पहली बार मतदान करेंगे। ऐसे में सभी छात्र संगठनों की नजर नए मतदाताओं पर है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआइ), आल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआइ) समेत अन्य संगठन कालेज स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं।
नॉर्थ कैंपस के साथ-साथ साउथ कैंपस और आफ-कैंपस कालेजों में भी संगठन लगातार बैठकें कर चुनावी रणनीति तैयार कर रहे हैं। इंटरनेट मीडिया प्रचार के साथ व्यक्तिगत संपर्क पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के सूत्रों के अनुसार, चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद नामांकन, जांच, नाम वापसी और मतदान की प्रक्रिया लगभग दो सप्ताह के भीतर पूरी की जाएगी। इसके साथ ही लिंगदोह समिति के दिशा-निर्देशों के तहत पोस्टर, बैनर, खर्च और प्रचार गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जाएगी।
चुनाव की संभावित तारीख सामने आने के बाद कैंपस में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में प्रत्याशियों के नाम तय होने, गठजोड़ और चुनावी मुद्दों को लेकर हलचल और बढ़ने की संभावना है।