गाजीपुर ड्रेन की सफाई को मिली नई रफ्तार, दो आधुनिक एम्फीबियस एक्सकेवेटर मशीनें शुरू
त्रिलोकपुरी विधानसभा क्षेत्र के चिल्ला गांव स्थित गाजीपुर ड्रेन पर मानसून से पहले सफाई के लिए दो लान्ग बूम एम्फीबियस एक्सकेवेटर मशीनों का उद्घाटन किया ...और पढ़ें

गाजीपुर ड्रेन पर दो नई एम्फीबियस एक्सकेवेटर मशीनें शुरू। इमेज एआई
HighLights
गाजीपुर ड्रेन पर दो नई एम्फीबियस एक्सकेवेटर मशीनें शुरू।
मानसून में जल निकासी और जलभराव रोकने में सहायक होंगी।
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने किया मशीनों का शुभारंभ।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। मानसून के दौरान बड़े नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से त्रिलोकपुरी विधानसभा क्षेत्र के चिल्ला गांव स्थित गाजीपुर ड्रेन पर शुक्रवार को दो लान्ग बूम एम्फीबियस एक्सकेवेटर(नालों की गाद निकालने के लिए) मशीनों का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व त्रिलोकपुरी के विधायक रविकांत ने किया, जबकि दिल्ली सरकार के लोक निर्माण, जल, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने मशीनों का शुभारंभ किया।
इन आधुनिक मशीनों का उपयोग गाजीपुर ड्रेन समेत यमुना और बड़े नालों की डी-सिल्टिंग एवं सफाई कार्य में किया जाएगा। सरकार का दावा है कि इससे जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा, जलभराव की समस्या कम होगी और सफाई कार्य पहले की तुलना में अधिक तेज व प्रभावी ढंग से हो सकेगा।
इस अवसर पर विधायक रविकांत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली को स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त और विकसित बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यमुना की सफाई और नालों का समयबद्ध रखरखाव सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में भाजपा दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद बछेती, मयूर विहार जिला अध्यक्ष विजेंद्र धामा,पार्षद संजीव सिंह, सुनील गुप्ता, जितेंद्र डेढ़ा, विशाल चौधरी, मोहित शर्मा, समेत भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।