NIA कोर्ट ने अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक की याचिकाओं पर मांगा जवाब, परिवार से ई-मुलाकात और इलाज की थी मांग
विशेष एनआईए अदालत ने अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरान वैनडाइक की दो याचिकाओं पर एनआईए और तिहाड़ जेल से जवाब मांगा है। वैनडाइक ने परिवार से ई-मुलाकात और विशे ...और पढ़ें

मैथ्यू वैनडाइक की याचिकाओं पर NIA कोर्ट ने मांगा जवाब। फाइल फोटो
HighLights
एनआईए कोर्ट ने वैनडाइक की याचिकाओं पर जवाब मांगा।
परिवार से ई-मुलाकात की अनुमति चाहते हैं वैनडाइक।
जेल में स्वास्थ्य समस्याओं के कारण इलाज की मांग।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पटियाला हाउस कोर्ट स्थित विशेष एनआइए अदालत ने म्यांमार ट्रेनिंग माड्यूल मामले में न्यायिक हिरासत में बंद अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरान वैनडाइक की दो याचिकाओं पर एनआइए और तिहाड़ जेल से जवाब मांगा है। विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने तिहाड़ जेल प्रशासन को नोटिस जारी कर रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है।
वैनडाइक ने अदालत में एक याचिका दाखिल कर अमेरिका में रह रहे अपने परिवार से ई-मुलाकात के जरिए बात करने की अनुमति मांगी है। दूसरी याचिका में विशेष अस्पताल में मेडिकल जांच और इलाज की मांग की गई है। याचिका में कहा गया है कि वैनडाइक को जेल में स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हैं और वह ठीक से चल-फिर नहीं पा रहे हैं।
अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि छह अप्रैल को पेशी के दौरान उन्हें एनआइए अधिकारियों के सहारे अदालत में लाया गया था।
म्यांमार में सक्रिय सशस्त्र समूहों को प्रशिक्षण देने का मामला
मामला म्यांमार में सक्रिय जातीय सशस्त्र समूहों को प्रशिक्षण और सहायता देने से जुड़ा है। एनआइए के अनुसार, इस मामले में छह यूक्रेनी नागरिकों समेत एक अमेरिकी नागरिक पर हथियार, ड्रोन तकनीक और ट्रेनिंग उपलब्ध कराने के आरोप हैं। हाल ही में अदालत ने वैनडाइक और छह यूक्रेनी नागरिकों की न्यायिक हिरासत 30 दिन के लिए बढ़ाई थी।