दिल्ली में नजफगढ़-फिरनी रोड बनेगी 6 लेन, जाम से राहत के लिए सरकार का बड़ा प्लान
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में यातायात दबाव कम करने के लिए नजफगढ़ फिरनी रोड को चार से छह लेन का किया जाएगा। यह परियोजना दिल्ली के 77 प्रमुख मार्गों को जाम म ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
नजफगढ़ फिरनी रोड चार से छह लेन होगा।
परियोजना से दिल्ली का यातायात दबाव घटेगा।
अतिक्रमण हटेगा, पार्किंग व साइकिल ट्रैक बनेंगे।
राज्य ब्यूराे, नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए दिल्ली सरकार ने नजफगढ़ फिरनी रोड को चार लेन से छह लेन करने की तैयारी शुरू कर दी है। यह परियोजना राजधानी के 77 प्रमुख मार्गों को जाम मुक्त बनाने की व्यापक योजना का हिस्सा है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का मानना है कि सड़क चौड़ी होने से न केवल नजफगढ़ क्षेत्र की पुरानी ट्रैफिक समस्या कम होगी, बल्कि हरियाणा के बहादुरगढ़ और गुरुग्राम के साथ दिल्ली की अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
सड़क की चौड़ाई हुई कम
पांच किलोमीटर से अधिक लंबा यह मार्ग द्वारका, मटियाला, उत्तम नगर, जनकपुरी और आसपास के इलाकों को बहादुरगढ़ से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। हालांकि वर्षों से सड़क किनारे अतिक्रमण, बाजार व घनी आबादी के कारण इसकी प्रभावी चौड़ाई कम हो गई है।
इस पर भारी वाहनों की आवाजाही भी रहती है। कई स्थानों पर सड़क का बड़ा हिस्सा अतिक्रमण की वजह से उपयोग में नहीं आ पाता, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के तहत सड़क चौड़ी करने के साथ फुटपाथ, साइकिल ट्रैक और ग्रीन जोन भी विकसित किए जाएंगे। सड़क किनारे बने अतिक्रमण हटाए जाएंगे और जहां आवश्यकता होगी वहां अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इसके अलावा बिजली के खंभों, स्ट्रीट फर्नीचर और सड़क के बीच स्थित उच्च क्षमता वाली बिजली लाइनों को भी स्थानांतरित किया जाएगा।
परियोजना के लिए फ्लाईओवर निर्माण सहित कई विकल्पों पर विचार किया गया था, लेकिन बड़ी संख्या में निजी संपत्तियों के अधिग्रहण और अत्यधिक लागत के कारण इस विकल्प को छोड़ दिया गया।
योजना के तहत नजफगढ़ मुख्य बाजार, ढांसा बस स्टैंड, नजफगढ़ पुलिस स्टेशन और प्रमुख चौराहों के आसपास कारों और दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग विकसित की जाएगी। ढांसा बस स्टैंड के पास भारी वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग की व्यवस्था होगी ताकि सड़क पर अवैध पार्किंग कम हो सके।
खबरें और भी
भारी व्यावसायिक वाहनों का डायवर्जन
साथ ही नजफगढ़ बाइपास और अर्बन एक्सटेंशन रोड-दो (यूईआर-दो) के जरिए भारी व्यावसायिक वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव घटाने में मदद मिलेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि अतिक्रमण हटाने और यातायात प्रबंधन की योजना प्रभावी ढंग से लागू हुई तो क्षेत्र को लंबे समय से जाम की समस्या से काफी राहत मिल सकेगी।
बता दें कि नजफगढ़ फिरनी रोड दक्षिण-पश्चिम दिल्ली की प्रमुख सड़कों में से एक है। यह नजफगढ़ शहर के चारों ओर स्थित फिरनी (परिधीय) मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है और दिल्ली तथा हरियाणा के बीच आने-जाने वाले वाहनों के लिए एक प्रमुख संपर्क मार्ग है। इस सड़क की कुल लंबाई पांच किलोमीटर के करीब है।