यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Election 2025: 'अपनों के बीच' अलग-थलग पड़ी कांग्रेस, ममता सहित इन नेताओं ने किया AAP का समर्थन
तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को दिल्ली चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी को अपना समर्थन देने की घोषणा की। अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता ब ...और पढ़ें

HighLights
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पांच फरवरी को मतदान, आठ को नतीजे
- 10 जनवरी से शुरू होकर 17 जनवरी तक चलेगी नामांकन की प्रक्रिया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Delhi Election 2025 : दिल्ली विधानसभा का चुनाव के लिए सियासी रण सज चुका है। इस बार के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। इस बीच, लोकसभा चुनाव-24 में आईएनडीआईए गठबंधन का हिस्सा रही कांग्रेस अब दिल्ली चुनाव से पहले अलग-थलग पड़ रही है।
विपक्षी गठबंधन में शामिल ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को समर्थन देने का एलान किया है। इससे पहले, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (यूबीटी)भी दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी का समर्थन करने की घोषणा कर चुकी है।
केजरीवाल ने कहा- थैंक्यू दीदी
इस संबंध में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने एक्स पर पोस्ट कर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शुक्रिया कहा है। उन्होंने पोस्ट कर लिखा, "टीएमसी ने दिल्ली चुनाव में आप को समर्थन देने की घोषणा की है। मैं व्यक्तिगत रूप से ममता दीदी का आभारी हूं। धन्यवाद दीदी। आपने हमेशा हमारे अच्छे और बुरे समय में हमारा साथ दिया है और आशीर्वाद दिया है।"

उधर, कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ दिल्ली के दंगल में कूद चुकी है और पार्टी के नेता लगातार आम आदमी पार्टी और भाजपा पर हमला बोला रहे हैं। यहां तक कि कांग्रेस नेता अरविंद केजरीवाल को देशद्रोही तक कह चुके हैं।
खबरें और भी
कांग्रेस अब लेकर आई 25 लाख के स्वास्थ्य बीमा की गारंटी
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ आज बुधवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए दूसरी चुनावी घोषणा की है। दिल्ली के हर नागरिक के लिए राजस्थान की तर्ज पर 25 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा योजना की घोषणा की है। इससे पहले, छह जनवरी को पार्टी ने प्यारी दीदी के तहत 2500 रुपये प्रतिमाह महिलाओं को देने की चुनावी घोषणा की थी।
कांग्रेस की बाकी 22 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा भी जल्द
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस 70 में से 48 प्रत्याशी तो घोषित कर ही चुकी है, शेष 22 प्रत्याशी भी जल्द ही घोषित कर दिए जाने की संभावना लग रही है। पार्टी सूत्रों की मानें तो प्रत्याशियों की अगली सूची इसी सप्ताह आ सकती है।
पहली सूची में 21, दूसरी में 26 प्रत्याशियों का एलान
गौरतलब है कि कांग्रेस ने पहली सूची में 21 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे। दूसरी सूची में 26 प्रत्याशियों की घोषणा हुई थी, जबकि अलका लांबा का नाम दो दिन पूर्व ही घोषित किया गया है। शेष बचे हुए 22 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी भी करीब-करीब फाइनल हो चुके हैं।
.jpeg)
22 सीटों पर प्रत्याशियों के एलान में क्यों हो रही देरी?
केवल पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में मुहर लगने की प्रतीक्षा है। सूत्रों के मुताबिक हरीनगर सीट पर एसकेबी सिंह और प्रेम शर्मा का नाम चल रहा है। तिमारपुर से पंकज पुष्कर, अशोक भसीन और जितिंदर भघेल जबकि माडल टाउन से कुंवर करण सिंह, अमन शर्मा और आकांक्षा ओला का नाम विचाराधीन है।
ये भी पढ़ें-
Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025: दिल्ली चुनाव की तारीख का एलान, 5 को वोटिंग और 8 फरवरी को रिजल्ट
इस खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है। हम अपने सभी पाठकों को पल-पल की खबरों से अपडेट करते हैं। हम लेटेस्ट और ब्रेकिंग न्यूज को तुरंत ही आम आदमी पार्टी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रारंभिक रूप से प्राप्त जानकारी के माध्यम से हम इस समाचार को निरंतर अपडेट कर रहे हैं। ताजा ब्रेकिंग न्यूज और अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए जागरण के साथ।