Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025: दिल्ली चुनाव की तारीख का एलान, 5 को वोटिंग और 8 फरवरी को रिजल्ट

    Updated: Tue, 07 Jan 2025 02:49 PM (IST)

    Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Dates चुनाव आयोग ने मंगलवार (07 जनवरी) को दिल्ली विधानसभा के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। दिल्ली में 5 फरवरी ...और पढ़ें

    चुनाव आयोग ने दिल्ली चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। फोटो- जागरण ग्राफिक्स
    चुनाव आयोग ने दिल्ली चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। फोटो- जागरण ग्राफिक्स

    HighLights

    1. एक चरण में दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर होगा मतदान
    2. पिछले विधानसभा चुनाव के बाद 5 साल में 7.38 लाख मतदाता बढ़े
    3. संशोधन अभियान में करीब 3.08 लाख नए मतदाता किए गए शामिल

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Delhi Chunav 2025 : चुनाव आयोग ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का एलान कर दिया है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों (Delhi Election 2025 Date) पर एक चरण में 5 फरवरी को मतदान और 8 फरवरी को नतीजे आएंगे।  

    बता दें कि दिल्ली की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है। ऐसे में 23 फरवरी से पहले नई सरकार बनाने के लिए चुनाव की तारीख तय की गई है।

    दिल्ली में आदर्श आचार संहिता लागू

    चुनाव आयोग की ओर से दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का एलान करने के साथ ही राजधानी में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। अब चुनाव अवधि पूरी होने तक सरकारी मशीनरी एक तरह से चुनाव आयोग के नियंत्रण में रहेगी। दिल्ली चुनाव के नतीजे आने के बाद ही आचार संहिता हटेगी।

    दिल्ली में साढ़े छह माह में बढ़े 3.22 लाख मतदाता

    दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार (6 जनवरी) को ही फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर चुके हैं। नई लिस्ट के अनुसार, इस बार दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में एक करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 मतदाता हैं।

    पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले करीब सात लाख 38 हजार से ज्यादा वोटर बढ़े हैं। वहीं, साढ़े छह महीने पहले हुए लोकसभा चुनाव के बाद दिल्ली में तीन लाख 22 हजार 922 वोटर बढ़े हैं।

    चुनाव कार्यक्रम-

    गजट नोटिफिकेशन जारी 10 जनवरी दिन शुक्रवार
    नॉमिनेशन की लास्ट डेट 17 जनवरी दिन शुक्रवार
    नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 18 जनवरी दिन शनिवार

    नामांकन पत्र वापसी की तिथि

    20 जनवरी दिन शुक्रवार
    मतदान 5 फरवरी दिन बुधवार 
    मतगणना 8 फरवरी दिन शनिवार

    दिल्ली में चुनावी मुद्दे

    • भ्रष्टाचार
    • प्रदूषण
    • बिजली-पानी
    • रोहिंग्या
    • बेरोजगारी
    • सरकारी योजनाएं
    • शराब घोटाला
    • झुग्गी- झोपड़ी

    इस बार अलग है दिल्ली का चुनाव

    आम आदमी पार्टी पिछले 11 वर्ष से दिल्ली की सत्ता पर काबिज है, लेकिन इस बार का चुनाव कई वजहों से रोचक होता जा रहा है। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) तीसरी बार लगातार जीत के लिए जोर लगा रही है, वहीं विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने बाजी पलटने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।

    खबरें और भी

    इस लड़ाई में कांग्रेस भी शामिल है, जो अकेले चुनाव लड़ रही है और पार्टी के नेता भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों को निशाना बना रहे हैं। इससे पहले हुए लोकसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस और आप ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था। वहीं, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भी दिल्ली की सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

    इस बार कार्यकाल पूरा होने के पहले ही आबकारी मामले में भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस्तीफा देकर अपने स्थान पर आतिशी को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया है। केजरीवाल पर भाजपा और कांग्रेस लगातार आबकारी मामले और दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास के नवीनीकरण में भ्रष्टाचार को लेकर हमला बोल रही है।

    पिछले दो चुनावों में AAP को मिली थी बंपर जीत

    वर्ष 2020 में दिल्ली चुनाव का कार्यक्रम 6 जनवरी को घोषित किया गया था, मतदान 8 फरवरी को हुआ था और 11 फरवरी रिजल्ट आया था। आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में बंपर जीत दर्ज की थी।

    आम आदमी पार्टी ने 2015 में 67 और 2020 में 62 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, दोनों चुनाव में कांग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई थी। इससे पहले कांग्रेस 15 साल तक दिल्ली की सत्ता पर काबिज थी।

    ये भी पढ़ें-

    सोर्स-

    चुनाव आयोग की वेबसाइट में पढ़ें अन्य डिटेल

    https://www.eci.gov.in/