दिल्ली की एक सड़क से तीन राज्यों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी, नोएडा से फरीदाबाद का सफर होगा आसान
दक्षिणी दिल्ली में आगरा नहर के किनारे एक नई 5 किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी। यह सड़क दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद को जोड़ेगी, जिससे तीनों क्षेत्रों को लाभ होगा।

सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI Generated

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
वी के शुक्ला, नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में आगरा नहर के साथ सड़क बनेगी, जिससे दिल्ली के खासकर दक्षिणी पूर्वी दिल्ली के लोगों को सबसे अधिक लाभ होगा। इससे नोएडा की ओर से फरीदाबाद आना जाना भी आसान होगा। यानी एक सड़क से तीन राज्यों को लाभ होगा।
करीब पांच किलोमीटर लंबी बनने वाली दो लेन की इस सड़क के निर्माण के लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध है। इसके लिए केंद्र सरकार ने फंड जारी कर दिया है। परियोजना पर लोक निर्माण विभाग काम करेगा। मगर इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार से मंजूरी की जरूरत है।
इसे देखते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने गत दिनों उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा है, जिसमें प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए सिंचाई विभाग की भूमि पर काम करने की अनुमति मांगी है। उत्तर प्रदेश सरकार से जल्द एनओसी मिलने की उम्मीद है।
योजना पर चार चरणों में होगा काम
योजना पर चार चरणों में काम होगा। योजना के तहत प्रथम चरण में आली विहार से लाल शिव मंदिर तक 40 मीटर, लाल शिव मंदिर से रोड नंबर 13ए तक 1.70 किमी, पॉकेट डी- सरिता विहार से आली गांव और आली विहार से मथुरा रोड तक कुल 2.4 किमी की सड़क का निर्माण किया जाना है।
कितने करोड़ होंगे खर्च?
इस पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके लिए केंद्र सरकार ने फंड भी जारी कर दिया है। परियोजना पर लोक निर्माण विभाग काम करेगा। आगरा नहर के किनारे बनने वाली यह सड़क आली गांव के आसपास के क्षेत्रों में सुगम आवागमन देने के साथ नोएडा, फरीदाबाद, सरिता विहार और दक्षिणी दिल्ली के अन्य प्रमुख हिस्सों से भी बेहतर संपर्क जोड़ेगी। जिससे यातायात जाम कम करने में मदद मिलेगी।
इस सड़क को नवनिर्मित मदनपुर खादर पुल से जोड़ने की भी योजना है, जिससे आली गांव को डीएनडी-फरीदाबाद-सोहना राजमार्ग से सीधा संपर्क मिल जाएगा। इससे दैनिक यात्रियों और माल ढुलाई दोनों के लिए क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा।
बिधूड़ी के अनुरोध पर इस योजना पर काम हो रहा है सड़क
दक्षिण दिल्ली से स्थानीय सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के अनुरोध पर इस योजना पर काम हो रहा है। सड़क भले ही दो लेन की होगी, मगर इससे इस इलाके के लोगों को बहुत बड़ी रात मिलने वाली है।
बिधूड़ी ने कुछ माह पहले केंद्र सरकार से इस बारे में अनुरोध किया था और नहर के साथ सड़क बनाई जाने की मांग रखी थी। जिसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने सक्रियता दिखाते हुए इस पर आगे की कार्रवाई शुरू कराई है।
आश्रम-कालिंदी कुंज मार्ग पर जाम से मिलेगी राहत
दअसल वर्तमान में इस क्षेत्र में आश्रम-कालिंदी कुंज मार्ग ही प्रमुख मार्ग है, जो नोएडा और दिल्ली के दक्षिणी और दिल्ली के मध्य भागों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, इस पर भारी यातायात जाम रहता है।
आली गांव और आसपास के घनी आबादी वाले क्षेत्रों के निवासी भी इस मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे यातायात की समस्या और बढ़ जाती है। स्थानीय लोग भी जाम से परेशान होते हैं। नई सड़क के बनने से आश्रम-आली मार्ग और कालिंदी कुंज चौराहे पर जाम को कम करने में भी मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।