छतरपुर के मनचंदा फार्म में 28 पेड़ों की अवैध कटाई पर एनजीटी सख्त, दिल्ली सरकार को नोटिस जारी
एनजीटी ने छतरपुर के मनचंदा फार्म में अवैध वृक्ष कटान और वन भूमि पर अतिक्रमण के मामले में दिल्ली सरकार से छह सप्ताह के भीतर स्थिति रिपोर्ट मांगी है। ...और पढ़ें

एनजीटी ने दिल्ली सरकार से मांगा जवाब। फोटो: आर्काइव
HighLights
एनजीटी ने दिल्ली सरकार से मांगी स्थिति रिपोर्ट
छतरपुर के मनचंदा फार्म में अवैध कटान
28 पेड़ों की अवैध कटाई, अधिनियम का उल्लंघन
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। छतरपुर स्थित मनचंदा फार्म में कथित अवैध वृक्ष कटान एवं वन भूमि पर अतिक्रमण के मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने दिल्ली सरकार सहित अन्य से जवाब मांगा है।
एनजीटी चेयरमैन न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव की अध्यक्षता वाली पीठ ने दिल्ली सरकार व वन विभाग को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। मामले पर अगली सुनवाई 29 सितंबर को होगी।
संयुक्त समिति की रिपोर्ट में अवैध कटान की पुष्टि
सुनवाई के दौरान एनजीटी ने संयुक्त समिति पेश की गई रिपोर्ट को रिकार्ड लिया और नोटस किया कि खसरा संख्या 100, 101, 102, 103 एवं 105 राजस्व अभिलेखों में वन भूमि के रूप में दर्ज हैं, जबकि खसरा संख्या 60 आबादी भूमि है।
जांच में संयुक्त समिति ने पाया कि नीम, पीपल, सिरिस, बकायन, शहतूत एवं सुबबूल सहित 28 वृक्षों को बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के अवैध रूप से काटा, क्षतिग्रस्त किया।
इतना ही नहीं पेड़ों की अत्यधिक छंटाई की गई जोकि दिल्ली वृक्ष संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन है। समिति ने यह भी उल्लेख किया कि दिल्ली वन विभाग ने मंचंदा फार्म के स्वामी के विरुद्ध कार्रवाई प्रारंभ कर दी है तथा 250 देशी प्रजाति के पौधे लगाने का अंतरिम आदेश जारी किया गया है।
वहीं, दिल्ली सरकार ने एनजीटी को बताया कि वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
छह सप्ताह में मांगी कार्रवाई रिपोर्ट
संयुक्त समिति की रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए पीठ ने दिल्ली सरकार को छह सप्ताह के भीतर वन भूमि पर अतिक्रमण एवं अवैध वृक्ष कटान के विरुद्ध की गई कार्रवाई की स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।