‘मोदी जी, इतना अहंकार मत करो...’, सोनम वांगचुक पर पुलिस के एक्शन से भड़के केजरीवाल; संजय सिंह का भी हमला
केजरीवाल और संजय सिंह ने जंतर-मंतर से शिक्षाविद सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने पर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने मोदी सरकार पर अहंकार और आंदोलनक ...और पढ़ें

सोनम वांगचुक को अनशन से हटाने पर भड़के अरविंद केजरीवाल। फोटो: आर्काइव
HighLights
केजरीवाल ने सोनम वांगचुक को हटाने पर मोदी सरकार को घेरा
संजय सिंह ने पुलिस कार्रवाई को युवाओं पर लाठीचार्ज बताया
आप नेताओं ने सरकार पर आंदोलन कुचलने का आरोप लगाया
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर से शिक्षाविद और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहंकारवश सोनम वांगचुक का अपमान किया है और उन्हें इस तरह हटाने के बजाय उनसे बातचीत करनी चाहिए थी।
‘सोनम वांगचुक का अपमान किया’
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “मोदी जी ने अहंकारवश आज सोनम वांगचुक का अपमान किया। मोदी जी को सोनम वांगचुक से बात करनी चाहिए थी। बहुत ही गलत तरीके से उन्हें उठाया गया और उनके साथियों के साथ धक्कामुक्की की गई।”
उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार का पूरा ध्यान आंदोलन को कुचलने पर है।
‘ऐसे तो अंग्रेज भी नहीं करते थे’
केजरीवाल ने महात्मा गांधी के आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा, “गांधी जी ने कितने लंबे-लंबे फास्ट किए, ऐसे तो अंग्रेज भी नहीं करते थे।” उन्होंने कहा कि सरकार को आंदोलनकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए।
‘सरकार का पूरा फोकस आंदोलन कुचलने पर’
आप संयोजक ने कहा, “ये अच्छी शिक्षा मांग रहे हैं, लेकिन सरकार का पूरा फोकस आंदोलन कुचलने पर है।” उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा, “मोदी जी, इतना अहंकार मत करो। इतिहास गवाह है कि जब-जब किसी ने अहंकार किया है, उसका नाश हुआ है।”
संजय सिंह ने भी साधा सरकार पर निशाना
इससे पहले आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने भी सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाने और प्रदर्शनकारी युवाओं पर लाठीचार्ज किए जाने की कड़ी आलोचना की थी।
खबरें और भी
उन्होंने आरोप लगाया था कि मोदी सरकार 20 जुलाई को संसद तक प्रस्तावित शांतिपूर्ण मार्च से घबरा गई है और इसी वजह से सुबह-सुबह पुलिस बल भेजकर आंदोलन को दबाने की कोशिश की गई।
‘21 दिन तक प्रधानमंत्री ने नहीं की कोई बातचीत’
संजय सिंह ने कहा कि 59 वर्षीय सोनम वांगचुक पिछले 21 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे थे और पेपर लीक से प्रभावित करोड़ों युवाओं की आवाज उठा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने लंबे समय तक अनशन के बावजूद प्रधानमंत्री ने न तो उनसे बातचीत की और न ही अनशन खत्म करने की अपील की।
युवाओं से आंदोलन जारी रखने की अपील
संजय सिंह ने दावा किया कि जंतर-मंतर पर पहुंचे पुलिस बल ने नौजवानों पर लाठीचार्ज कर सोनम वांगचुक को जबरन अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने देश के युवाओं से आंदोलन का समर्थन जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य से जुड़ी हुई है।
मोदी जी ने अहंकारवश आज सोनम वांगचुक का अपमान किया। मोदी जी को सोनम वांगचुक से बात करनी चाहिए थी। pic.twitter.com/fiT8i53foY
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) July 18, 2026