CJP Protest: 'संसद मार्च' में घायल छात्रा साक्षी की हालत में सुधार, वेंटिलेटर से हटाया गया
संसद मार्च के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई छात्रा साक्षी की हालत में सुधार हो रहा है और उसे वेंटिलेटर से हटा दिया गया है। वह अब होश में है, स्वयं सांस ...और पढ़ें

संसद मार्ग पर 20 जुलाई को प्रदर्शनकारियों की भीड़ उमड़ी थी। फोटो- चंद्र प्रकाश मिश्र
HighLights
घायल छात्रा साक्षी की हालत में लगातार सुधार।
उसे वेंटिलेटर से हटाकर स्वयं सांस ले रही।
आरएमएल अस्पताल में विशेषज्ञों की निगरानी जारी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। 'संसद मार्च' के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई 21 वर्षीय छात्रा साक्षी की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार युवती को वेंटिलेटर से हटा दिया गया है और अब वह स्वयं सांस ले रही है। वह पूरी तरह होश में है तथा चिकित्सकों के निर्देशों का पालन कर रही है।
20 जुलाई को 'संसद मार्च' में हुई थीं शामिल
साक्षी दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर एक्सटेंशन की रहने वाली है और एडवांस्ड डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशंस (एडीसीए) की छात्रा है। वह अपने चचेरे भाई के साथ 20 तारीख को 'संसद मार्च' में शामिल हुई थी। प्रदर्शन के दौरान मची भगदड़ जैसी स्थिति में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे चेहरे, सीने और गर्दन पर चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी की एमआरआई रिपोर्ट सामान्य
अस्पताल के अनुसार, साक्षी की मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी की एमआरआई रिपोर्ट सामान्य आई है। उपचार शुरू होने के बाद से उसकी स्वास्थ्य स्थिति में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है और उसे सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आरएमएल अस्पताल के अनुसार, 'संसद मार्च' से जुड़े घायलों में अब साक्षी ही अस्पताल में भर्ती एकमात्र मरीज है। अन्य सभी घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि साक्षी की स्थिति पहले की तुलना में काफी बेहतर है और उसका उपचार विशेषज्ञों की निगरानी में जारी है।