दिल्ली के यमुनापार की टूटी सड़कें बनीं मुसीबत, राहगीर और वाहन चालक परेशान
यमुनापार में जर्जर सड़कें लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई हैं, जिससे शंकर विहार, मंडावली पुलिया जैसे कई इलाकों में राहगीर और वाहन चालक गड्ढों और जाम से ...और पढ़ें

एक स्थान से टूटी खिचड़ीपुर मैन रोड। जागरण
HighLights
यमुनापार में जर्जर सड़कें बनीं लोगों की बड़ी परेशानी।
गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं और जाम का खतरा बढ़ा।
स्थानीय लोग मरम्मत की मांग कर रहे, PWD ने आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। यमुनापार में जर्जर सड़कें लोगों की परेशानी का बड़ा कारण बन गई हैं। शंकर विहार, मंडावली पुलिया, खिचड़ीपुर, नरवाना रोड, भजनपुरा और गोकलपुरी समेत कई इलाकों में सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं।
जगह-जगह उखड़ी सड़कें और बड़े गड्ढे राहगीरों तथा वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

बारिश के बाद हालात और गंभीर हो जाते हैं। गड्ढों में पानी भरने से सड़क और नाले में फर्क करना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। कई जगह वाहन फिसलने और लोगों के चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। वहीं जाम की समस्या से रोजाना लोगों का समय बर्बाद हो रहा है।
लंबे समय से टूटी है सड़क
मंडावली निवासी शांतनु का कहना है कि लंबे समय से सड़क टूटी पड़ी है। सड़क पर बने गड्ढे से बच कर चलने में कई बार वाहन सवार और पैदल यात्री आमने-सामने आ जाते हैं। वहीं टूटी सड़कों के कारण वाहन भी जल्दी खराब हो रहे हैं और धूल-मिट्टी से प्रदूषण बढ़ रहा है।
व्यापारियों और स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य सिर्फ कागजों तक सीमित है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़क मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारी का कहना है कि इलाके की कई सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य जारी है। इसी क्रम में इलाके की सारी सड़कों को दुरूस्त किया जाएगा।