सीधे दिल पर लगती है Kishore Kumar की नजरिया, हीरोइन बनकर भी दी चटपटे गाने को आवाज; लता दीदी से छिन गया था गीत
64 साल पहले किशोर कुमार (Kishore Kumar) ने एक आइकॉनिक गाना मेल और फीमेल दोनों आवाजों में गाया था। पहले हीरोइन की आवाज में लता मंगेशकर गाने वाली थीं।

हीरो-हीरोइन की आवाज बनकर किशोर कुमार ने गाया था गाना। फोटो क्रेडिट- एक्स
HighLights
किशोर कुमार का चटपटा गाना 64 साल बाद भी हिट
किशोर कुमार ने हीरोइन बनकर गाया था हिट गाना
कभी लता मंगेशकर गाने वाली थीं ये मजेदार गीत
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। किशोर कुमार (Kishore Kumar) एक वर्सेटाइल सिंगर थे, जिन्होंने अलग-अलग स्टाइल में गाने गाए और अपनी आवाज से श्रोताओं को दीवाना बना दिया। किशोर कुमार इतने टैलेंटेड थे कि वह लड़की की आवाज में भी गाना गा लेते थे। यहां तक कि उन्होंने एक फिल्म में लड़का और लड़की दोनों की आवाज में गाना गाया और यह गीत सुपरहिट हो गया।
यूं तो किशोर कुमार रोमांटिक और भावुक हर तरह के गाने गा लेते थे, लेकिन मस्ती वाले गानों में वह जान फूंक देते थे। 64 साल पहले भी उन्होंने एक चटपटा गीत गाया जिसे सुनकर पक्का आपकी हंसी छूट जाएगी। इस गीत की खासियत यह थी कि सिंगर ने हीरो और हीरोइन दोनों की आवाज में गाना गाया था। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में हीरो भी वही थे।
किशोर कुमार का चटपटा गाना
हम बात कर रहे हैं 1962 में आई फिल्म हाफ टिकट के गाने 'आके सीधी लगी दिल पे' (Aake Seedhi Lagi Dil Pe Song) की। कालिदास के निर्देशन में बनी फिल्म हाफ टिकट में मधुबाला, किशोर कुमार और प्राण ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इस फिल्म के सभी गाने हिट हुए थे, लेकिन एक चुलबुला गाना आज भी म्यूजिक लवर्स का फेवरेट है।

हीरोइन बनकर भी दी आवाज
यह गाना 'आके सीधी लगी दिल पे' है। इस गाने के बोल जितने मजेदार हैं, उससे ज्यादा खूबसूरत अंदाज में हीरोइन बनकर किशोर कुमार ने गाया। गाने में वह लड़के की भी आवाज बने और लड़की की भी। सिर्फ इतना ही नहीं, गाने के विजुअल्स में भी किशोर कुमार लड़की के गेटअप में नजर आए थे। वह प्राण के साथ गाना गाकर मस्ती करते थे। यह गीत 64 साल बाद भी कल्ट बना हुआ है।
कभी लता दीदी गाने वाली थीं गाना
IMDb के मुताबिक, पहले किशोर कुमार फीमेल की आवाज में गाना नहीं गाने वाले थे। यह गाना पहले लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) को मिला था लेकिन रिकॉर्डिंग वाले दिन जब उन्हें आने में देरी हो गई तो किशोर कुमार को आइडिया सूझा कि क्यों न वह ही फीमेल वॉइस में भी गाना गाए। फिर क्या। उन्होंने लड़की की आवाज में भी गाना गाया और यह सुपरहिट बन गया।
इस गाने के खूबसूरत बोल शैलेंद्र ने लिखे थे, जबकि धुन सलिल चौधरी ने बनाई थी। आज भी यह गाना कल्ट क्लासिक में से एक है।
यह भी पढ़ें- 'प्रेमी' को चिढ़ाता है Lata Mangeshkar का ये कालजयी गीत, रफी साहब ने भी दी आवाज, फिर भी नहीं मिला क्रेडिट
यह भी पढ़ें- जब Hema Malini के 'रंगीले सजन' बने राजेश खन्ना, लता दीदी ने गाया गाना; कल्ट गीत सुन मचल उठेगा आपका मन
