Bhooth Bangla के सेट पर जब अचानक अक्षय कुमार ने दोहराया ये मीम, हंस-हंसकर एक्ट्रेस का हुआ था बुरा हाल
कट्टी बट्टी, कारवां और त्रिभंगा जैसी फिल्मों के बाद मिथिला पालकर इन दिनों फिल्म 'भूत बंगला' से धमाल मचा रही हैं। उन्होंने हाल ही में फिल्म के सेट से ज ...और पढ़ें

मिथिला पालकर ने सुनाया 'भूत बंगला' से जुड़ा किस्सा/ फोटो- Instagram

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
दीपेश पांडेय, मुंबई। कट्टी बट्टी, कारवां और त्रिभंगा फिल्मों की अभिनेत्री मिथिला पालकर की इस साल दो फिल्में हैप्पी पटेल : खतरनाक जासूस और भूत बंगला प्रदर्शित हो चुकी हैं। हिंदी और मराठी सिनेमा के साथ मिथिला तमिल और तेलुगु फिल्में भी कर रही हैं। उनकी तेलुगु वेब सीरीज सुपर सुबु भी कतार में है। अभिनय के साथ गायन में भी दिलचस्पी रखने वाली मिथिला से उनके 10 साल के अभिनय सफर और आगामी योजनाओं पर बातचीत :
भूत बंगला में अक्षय कुमार के साथ उनके लोकप्रिय मीम बहन डर गई का हिस्सा बनना आपके लिए कैसा अनुभव रहा?
ऐसा बहुत कम होता है कि आप इस तरह के कल्ट पलों का हिस्सा बने। शूटिंग होने से पहले मुझे नहीं पता था कि अक्षय सर ये डायलाग बोलने वाले हैं। पहले एक-दो टेक हुआ, फिर अक्षय सर और प्रियम (प्रियदर्शन) सर ने आपस में कुछ बातें की। उसके बाद जब टेक हुआ, तो अक्षय सर ने अचानक से ही यह मीम वाला सीन दोहरा दिया। यह देखकर मुझे इतनी हंसी आई कि मैं स्वयं पर नियंत्रण नहीं कर पा रही थी। अच्छा ये था कि उस समय कैमरा उन पर था, मुझ पर नहीं।
यह भी पढ़ें- Bhooth Bangla के बाद 'बाहुबली' के 'भल्लालदेव' से टक्कर लेंगे Akshay Kumar, हिस्टोरिकल थ्रिलर की तैयारी में 'खिलाड़ी'?

डिजिटल क्रिएटर से अभिनेत्री बनने तक के 10 वर्षों के सफर कैसा रहा?
मुझे नहीं लगता है कि इन 10 वर्षों में कोई चीज पीछे छूटी है। हां, जब आप आगे बढ़ रहे होते हैं, तो इर्द-गिर्द बहुत आवाज होती है। जब आप घर वापस जाते हैं, तो घरवाले याद दिला देते हैं कि आप कहां से आए हैं, इसलिए हर रोज काम करके वापस घर जाना मुझे बहुत अच्छा लगता है। जब आप यह नहीं भूलते हैं कि आपने कहां से शुरुआत की है, तब कहीं खोने का डर नहीं रहता है। पिछले 10 वर्षों में लोगों ने बहुत प्यार दिया, वह प्यार लगातार बढ़ ही रहा है।
शुरु में अभिनय को लेकर आपके घरवाले तैयार नहीं थे, ऐसे में बतौर अभिनेत्री उनकी मान्यता कब मिली?
बतौर अभिनेत्री मेरे घरवालों ने सबसे पहले मेरी मराठी फिल्म मुरांबा देखी थी। उसके बाद जब कारवां आई, तो उसमें इरफान सर, दुलकर सलमान जैसे कलाकारों के साथ काम करते देख उन्हें बहुत खुशी हुई। मेरी शुरुआत इंटरनेट से हुई थी, तो मेरे नाना जी को वो समझ में नहीं आता था। उनका मानना था कि आप टीवी पर आओगी या आपके पोस्टर लगेंगे, तभी प्रसिद्ध हो। वो कहते थे कि आप काम तो करती हो, लेकिन वो मुझे कहां देखने के लिए मिलता है? इसी बीच मेरा कप सांग (यूट्यूब वीडियो) वायरल हो गया, इसी कारण से वह मराठी न्यूज चैनलों पर आने लगा। उन्होंने जब वहां देखा तो मेरे घर जाने के बाद उन्होंने कहा कि अब तो तुम टीवी पर आ गई हो, अब प्रसिद्ध हो जाओगी।
खबरें और भी

उसके बाद उनकी प्रतिक्रिया कैसे बदली?
उसके बाद अलग-अलग पत्रिकाओं और अखबारों में मुझसे जुड़ी खबरें आने लगी। जब नेटफ्लिक्स पर मेरी वेब सीरीज लिटिल थिंग्स आई थी, तब मेरा सबसे बड़ा पोस्टर लगा था। मैं अपने नाना जी को हॉस्पिटल लेकर जा रही थी, तब हमने रास्ते में उसके बहुत सारे पोस्टर देखे। उसके बाद उन्होंने चुपके से जाकर नानी को बोला था कि उसके तो बहुत बड़े—बड़े पोस्टर लगे हैं। उसके बाद मेरी खबर छपी हुई कोई भी पत्रिका आती थी, तो वह हमारे घर पर होती थी। अगर कोई नहीं देखता, फिर भी वह बताते थे कि देखो इसमें मिथिला की तस्वीर छपी है।
आप तमिल और तेलुगु फिल्में भी कर रही हैं, क्या उन भाषाओं में कुछ समस्या हुई?
पहले तो मुझे लगा था कि मैं तमिल बहुत आसानी से सीख जाउंगी, क्योंकि मेरी मौसी ने तमिल परिवार में शादी की थी। बचपन से ही तमिल शब्द सुनती आई हूं, सुब्बालक्ष्मी जी के गाने सुनती आई हूं। तेलुगु से कोई जुड़ाव नहीं था, लेकिन उल्टा हुआ। मुझे तमिल सीखने में बहुत मुश्किल हुई और तेलुगु उसकी तुलना में आसान थी। तमिल या तेलुगु में शूट करते समय मैं अपनी पंक्तियां एक लय में याद रखती हूं। इसलिए अपने निर्देशक से कहती हूं कि स्क्रिप्ट में लिखे संवादों में कोई भी नया शब्द जोड़े या हटाए नहीं।

क्या कभी पेशेवर तौर पर गाना गाने की भी कोशिश की है?
अभी तक तो नहीं किया है। जब तक मैं ठीक से सीख नहीं लेती हूं, तब तक वो हिम्मत नहीं आएगी। इस मामले में मेरे निर्देशक मुझसे बहुत अच्छे रहे हैं। मैंने फिल्म मुरांबा का गाना गाया था, कारवां में एक अनप्लग्ड वर्जन गाया था। अभी तक एल्बम का सोचा नहीं। अगले 10 वर्षों में देखते हैं।
सुपर सुबु को लेकर क्या अपडेट हैं?
यह नेटफ्लिक्स का पहला ओरिजनल तेलुगु शो है। यह तेलंगाना के एक गांव में आधारित कहानी है। इसकी शूटिंग हो चुकी है। इसी साल यह शो प्रदर्शित भी हो सकता है। इससे ज्यादा इसके बारे में नहीं बता पाउंगी।