कांवड़ यात्रा में धूम मचा रहा 50 साल पुराना कल्ट गीत, Kishore-Lata ने दी आवाज; DJ की बीट पर थिरक रहे कांवड़िए
सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान किशोर कुमार और लता मंगेशकर का एक कल्ट गाना खूब बज रहा है। यह गाना भोलेनाथ की भक्ति में लीन श्रद्धालुओं को डीजे की धुन ...और पढ़ें

कांवड़ यात्रा में धूम मचा रहा है ये कल्ट गीत
HighLights
किशोर-लता का गाना कांवड़ यात्रा में लोकप्रिय
1974 की फिल्म 'आप की कसम' का यह गाना
गाने के पीछे 50 हजार रुपये की दिलचस्प कहानी
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। सावन के महीने में गीत-संगीत और यादों का मानो मेला सा लग जाता है। मानसून के इस मौसम का जहां लोग मजा ले रहे हैं तो वहीं हर तरफ कांवड़ियों की धूम देखने को मिल रही है।
कांवड़ यात्रा के दौरान ऐसे कई गाने बज रहे हैं, जो भोलेनाथ की भक्ति में लीन होने पर मजबूर कर रहे हैं। जगह-जगह कांवड़िए बम लहरी के जयकारों के साथ कांवड़ यात्रा को पूरा कर रहे हैं। ऐसा ही एक किशोर कुमार का गाना जो इस वक्त खूब बज रहा है।
कांवड़ यात्रा में खूब बजता है ये गाना
अब ऐसे तो कई गाने हैं जो कांवड़ यात्रा (Kanwar Yatra) के दौरान बजते हैं, लेकिन एक गाना किशोर कुमार और लता मंगेशकर का है, जो हर कांवड़ यात्रा का हिस्सा है। भगवान शिव को समर्पित इस पावन महीने में श्रद्धालु खुलकर भोलेनाथ की भक्ति कर रहे हैं और नाचते-गाते हुए अपनी कांवड़ यात्रा (Kanwar Yatra Songs) को पूरा कर रहे हैं।

दरअसल जिस गाने की हम बात कर रहे हैं वो गाना है 1974 में आई फिल्म 'आप की कसम' का गाना "जय जय शिव शंकर" (Jai Jai Shiv Shankar)। गाने में मुमताज (Mumtaz) और राजेश खन्ना (Rajesh Khanna) नजर आए थे और दोनों की कैमिस्ट्री की खूब तारीफें भी हुईं। वहीं इस गाने की पॉपुलैरिटी कितनी है, इसका अंदाजा आप इसी से लगा लीजिए इसको लेकर कई रीमेक सॉन्ग्स भी बने। ये गाना हर कांवड़ यात्रा का हिस्सा है।
खबरें और भी
दिलचस्प है गाने के बनने की कहानी
इस गाने को किशोर कुमार (Kishore Kumar) और लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) ने अपनी आवाज से सजाया है। वहीं गाने का संगीत आर.डी. बर्मन (RD Burman) ने तैयार किया है। गाने के बोल आनंद बक्शी (Anand Bakshi) ने लिखे थे।
हालांकि इस गाने के आखिर में एक लाइन है, जहां पंचम दा कहते हैं कि, 'अरे बजाओ रे बजाओ ईमानदारी से बजाओ... 50 हजार खर्च हुआ है'। गाने में इस लाइन के आने के पीछे का किस्सा भी बड़ा दिलचस्प है। दरअसल इस गाने को बनाने के लिए पंचम दा ने फिल्म के प्रोड्यूसर जे ओमप्रकाश से 50 हजार और मांगे।
अब फिल्म के प्रोड्यूसर-डायरेक्टर साहब मान तो गए लेकिन उन्होंने पंचम दा (RD Burman) को अगले दो दिनों के लिए इस पर खूब ताना मारा कि बताओ एक गाने के 50 हजार मांगे हैं। ये पूरा किस्सा पंचम दा ने गायक किशोर कुमार को बताया, फिर क्या था उन्होंने भी वही किया जो पंचम दा चाहते थे।

गाने के आखिर में उन्होंने प्रोड्यूसर जे ओमप्रकाश के ताने को असल में गा दिया। जब आप गाने की आखिरी लाइन सुनेंगे तो वहां किशोर कुमार गाते हुए कहते हैं कि, 'अरे बजाओ रे बजाओ ईमानदारी से बजाओ... 50 हजार खर्च हुआ है'।
इस तरह से ये गाना बनकर तैयार हुआ, जो पहले कभी फिल्म का हिस्सा बनने ही नहीं वाला था। गाना जब आया तो ब्लॉकबस्टर हो गया और आजकल ये गाना कांवड़ यात्रा में खूब सुनाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें- 68 साल पुराना Lata का गाना जिस पर छिड़ा था 'संग्राम', 'स्वर कोकिला' ने एस डी बर्मन से 4 साल नहीं की थी बात
यह भी पढ़ें- सावन का ये गाना सुन नाचेगा 'मन का मोर', अलका-उदित समेत 6 सिंगरों ने दी आवाज; राजस्थानी रंग में रंगा है गीत