Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    108 Base Hospital: URI में डॉक्टर का किरदार निभाएंगे गश्मीर महाजनी, टीवी पर पहली बार दिखेगी आर्मी अस्पताल की कहानी

    By Smita SrivastavaEdited By: Ekta Gupta
    Updated: Fri, 07 Aug 2026 06:23 PM (IST)

    स्वतंत्रता दिवस पर टीवी पर रिलीज होने वाले शो 108 Base Hospital: URI में गश्मीर महाजनी डॉक्टर का किरदार निभाएंगे। शो के बारे में एक्टर ने दैनिक जागरण ...और पढ़ें

    '108 बेस हॉस्पिटल: उरी' में नजर आएंगे गश्मीर महाजनी

    '108 बेस हॉस्पिटल: उरी' में नजर आएंगे गश्मीर महाजनी

    HighLights

    1. '108 बेस हॉस्पिटल: उरी' में नजर आएंगे गश्मीर महाजनी

    2. एक्टर ने शो के बारे में बताई खास बातें

    3. डॉक्टर के किरदार में नजर आएंगे गश्मीर 

    स्मिता श्रीवास्तव, मुंबई ब्यूरो। सैन्यकर्मियों की कहानियां तो अलग-अलग माध्यम पर बहुत आई हैं, लेकिन टीवी
    पर पहली बार आर्मी अस्पताल की कहानी आने वाली है। अभिनेता गश्मीर महाजनी जल्द ही कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित कलर्स के नए शो '108 बेस हास्पिटल: उरी' (108 Base Hospital: URI) में डॉक्टर की भूमिका निभाते नजर आएंगे।

    गश्मीर महाजनी (Gashmeer Mahajani) के अनुसार इस भूमिका ने उन्हें भारतीय सेना के समर्पण, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं को करीब से समझने का अवसर दिया। विभिन्न मुद्दों पर स्मिता श्रीवास्तव ने उनसे की बातचीत...

    यह भी पढ़ें- गुल्लक-पंचायत के बाद TVF ने किया 'Family Kirana Store 2' का एलान, मोहल्ले में फिर लगेगी 'गजानंद' की दुकान

    कश्मीर से कैसा आकर्षण रहा है?

    इस शो की वजह से मैं पहली बार कश्मीर आया। एक पूरा फाइट सीक्वेंस यहां शूट किया है। धारावाहिक में हीरो-हीरोइन की पहली और आखिरी मुलाकात भी कश्मीर में होती है। पहली बार सेना की वर्दी पहनी है। सुपरहीरो की कास्ट्यूम पहनने से छाती इतनी चौड़ी नहीं होती है, जितनी आर्मी यूनिफॉर्म पहनने के बाद हो जाती है।

    एक्शन से कितना लगाव रहा है?

    बहुत ज्यादा, लेकिन एक्शन को भावनाओं का सहारा मिलना चाहिए, नहीं तो एक समय के बाद केवल मारधाड़ बोरिंग हो जाएगी। मारधाड़ का कोई उद्देश्य होना चाहिए। पहली बार मैंने टीवी के लिए इतनी शिद्दत से काम करने वाली टेक्निकल टीम देखी है। कैमरा, निर्देशन की टीम कमाल है।

    URI (5)

    ज्यादातर टीवी में ऐसा होता है कि पहले 10 एपिसोड के लिए सेटअप लगा देते हैं, बाकी फिर फ्लोर डायरेक्टर संभालते है। मुख्य डायरेक्टर अहम सीन के लिए आते हैं। इस शो पर निर्देशक छोटे से छोटे सीन के लिए मेहनत कर रहे हैं। यह बेहद चौंकाने वाला था कि निर्देशक रिलैक्स होकर नहीं बैठ रहे हैं।

    खबरें और भी

    आर्मी अफसरों से बात करने का मौका मिला?

    हां, वे बहुत प्यार और गर्मजोशी से मिलते हैं। परिवार से दूर अपने देश के लिए यहां तैनात रहना, कठिन काम है। हम शहर में रहने वाले छोटी-छोटी चीजों को लेकर तनाव ले लेते हैं। हमारी मानवता कहीं खो जाती है। आक्रामक हो जाते हैं। जब आर्मी को मैंने कश्मीर में देखा, समझ आया कि वे हमसे कई गुना ज्यादा मेहनत कर रहे हैं। फिर भी वे गर्मजोशी से मिलते हैं। उनकी ऊर्जा को सलाम है। असल जिंदगी में

    सबसे बहादुरी का काम आपने क्या किया है?

    मैंने शादी कर ली। एक बच्चे का पिता हूं, उसका पालन-पोषण कर रहा हूं। यह बहादुरी का काम है।

    URI (6)

    आपका बेटा आपको अभिनय करते हुए देखकर क्या कहता है?

    वह बहुत उत्सुक होता है और कहता है कि मैं भी एक्टर बनूंगा। हालांकि, अभी तो वह सात साल का है। घर पर उसे बहुत ज्यादा स्क्रीनटाइम नहीं दिया जाता है। यह शो दिखाऊंगा, क्योंकि इसमें मैंने सेना की वर्दी पहनी है। मैंने एक मराठी ऐतिहासिक फिल्म ‘सरसेनापती हंबीरराव’ में छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज का डबल रोल किया था।

    तब से उनके लिए स्पाइडरमैन और सुपरमैन से ज्यादा छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज उनसे बड़े हीरो बन गए हैं। मैं चाहूंगा कि वह एक आर्मी अफसर को हीरो के स्तर पर देखे बजाय स्पाइडरमैन और बैटमैन के। बेटे के लिए उसका पिता हमेशा हीरो होता है। मुझे आर्मी अफसर की वर्दी में देखे तो वह वर्दी का सम्मान करे और उसकी कीमत समझे।

    URI (8)

    टीवी इंडस्ट्री को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं। कहा जा रहा है कि इस पर रिग्रेसिव कंटेंट आता है।

    टीवी के दर्शक बहुत बड़े हैं, इसलिए यहां से प्रसिद्धि भी बड़ी मिलती है। कंटेंट रिग्रेसिव है या प्रोग्रेसिव इसको लेकर बहस चलती रहेगी। इंटरनेट मीडिया की वजह से वह जल्दी दिख जाता है, पहले पता नहीं चलता था। हालांकि, अब टीवी में भी सीमित एपिसोड आ रहे हैं।

    80-90 एपिसोड के बाद वैसे भी कहानी खत्म हो जाती है, उसके बाद वह बिजनेस बन जाता है। अगर शो हिट है तो उसे दो साल चलाना पड़ता है, क्योंकि कई लोगों का पेट उस पर पल रहा है। इसमें कुछ गलत भी नहीं है।

    हालांकि, सीमित एपिसोड में क्रिएटिव संतुष्टि मिलती है। इस शो में 28वें एपिसोड तक दर्शकों को समझ आएगा कि इसका अंत कहां तक बढ़ेगा। अगर टीआरपी रही तो फिर इसका अगला सीजन लेकर आएंगे।

    आपको निर्माता बनने का ख्याल कब आया था?

    जब काम करना शुरू किया तो समझ आ गया कि निर्माण करेंगे तो कई कहानियां कह पाएंगे। बतौर कलाकार सब कुछ वैसा नहीं होता है, जैसा आप चाहते हैं। दस लोगों का अलग नजरिया होता है। आपको ऐसा एहसास होता है कि फलां कंटेंट की पब्लिसिटी ऐसे होनी चाहिए या ऐसे बनना चाहिए था। जब आप निर्माण करते हैं तो ये चीजें आपके नियंत्रण में होती हैं। जैसे बनाना चाहते हैं बना सकते हैं और माध्यम तय कर सकते हैं।

    URI (9)

    आपको लगता है कि बच्चों के लिए कंटेंट कम है। उनके लिए कुछ बनाएंगे?

    हां, हमारे पुराणों में ऐसी कहानियां हैं, जो बच्चों का मनोरंजन भी कर सकती है और उन्हें कुछ सिखा भी सकती हैं तो बनाना चाहिए। वैसे अभी कोई योजना नहीं है। मैं उससे कहता हूं कि ऐसी फिल्म बनाऊंगा, जो तुम देख पाओगे। फिलहाल तो एक्शन ड्रामा फिल्म बना रहा हूं। इस शो के बाद उसकी शूटिंग शुरू करूंगा।

    यह भी पढ़ें- Friday Releases: शुक्रवार को होगी मनोरंजन की बारिश , थिएटर्स- OTT पर 10 सीरीज-फिल्में करेंगी जबरदस्त धमाका