Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    FIFA World Cup 2026: एमबापे बहुत बड़े फुटबॉलर हैं, लेकिन अकेले कुछ नहीं कर पाएंगे- एर्लिंग हालैंड

    Updated: Fri, 05 Jun 2026 06:34 PM (IST)

    नार्वे के स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड विश्व कप के लिए बहुत जोश में हैं। पिता के पदचिंहों पर चलने का मौका मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। ...और पढ़ें

    एर्लिंग हालैंड

    एर्लिंग हालैंड

    HighLights

    1. 12 जून से शुरू होगा फीफा विश्‍व कप 

    2. 48 टीमों के बीच खेले जाएंगे मुकाबले

    3. हालैंड विश्व कप के लिए बहुत जोश में 

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। नार्वे के स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड विश्व कप के लिए बहुत जोश में हैं। पिता के पदचिंहों पर चलने का मौका मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। हालैंड एक फैन के रूप में विश्व कप में फ्रांस के काइलियन एमबापे के साथ होने वाली टक्कर को लेकर बहुत उत्साहित हैं। लेकिन एक फुटबॉलर के रूप में उनका पूरा ध्यान अपनी टीम को आगे ले जाने पर है। प्रस्तुत हैं फीफा विश्व कप को लेकर एर्लिंग हालैंड से हुई बातचीत के प्रमुख अंश:

    आपका पहला विश्व कप बस शुरू होने वाला है। आप यहां खेलने के लिए कितने उत्साहित हैं?

    मैं अपने उत्साह का वर्णन नहीं कर सकता। ये सच में बहुत बड़ी बात है। मैंने कभी इसका अनुभव नहीं किया। जब आखिरी बार नार्वे विश्व कप खेला था (साल 1998) तब मैं पैदा भी नहीं हुआ था। यहां तक कि जब हमने आखिरी बार कोई बड़ा टूर्नामेंट (यूरो कप 2000) खेला था तब भी मेरा जन्म नहीं हुआ था।

    इसलिए, ये पहली बार होगा जब मैं अपने देश के लोगों के साथ विश्व कप का आनंद उठाऊंगा। ये बहुत बड़ी बात है। जब मैंने पेशेवर तौर पर फुटबॉल खेलना शुरू किया तो मेरा सपना था कि अपने देश को फीफा विश्व कप में भाग लेते हुए देखूं। ये मेरे लिए एक सपने के सच होने के जैसा है।

    सिर्फ इतना ही नहीं, आपने सबसे ज्यादा 16 गोल करते हुए अपने देश को विश्व कप तक लाने में बड़ी भूमिका भी निभाई?

    देखिए, ये पूरी टीम के प्रयास थे और मेरे साथी खिलाड़ियों ने गोल करने में मेरी बहुत मदद की। इतिहास बनाते हुए फुटबॉल की सबसे बड़ी प्रतियोगिता में पहुंचने वाली टीम का हिस्सा होना बहुत कमाल का अनुभव है।

    खबरें और भी

    व्यक्तिगत तौर पर ये जश्न बड़ा होना चाहिए, क्योंकि आप अपने पिता अल्फ-इंगे के कदमों पर चलते हुए अमेरिका में फीफा विश्व कप खेलेंगे?

    हां, ये बहुत संतोषजनक बात है लेकिन साथ ही ये बड़ी चुनौती भी है। पिताजी हमेशा ही विश्व कप में खेलने के अनुभव सुनाते थे। उनके और पूरे देश के लिए ये कितनी बड़ी बात थी। जब टूर्नामेंट खत्म होगा तो मैं भी उसी उत्साह के साथ उनसे अपना अनुभव साझा करूंगा।

    क्या लोग तुलना भी करेंगे?

    कोई तुलना ही नहीं है। इसका जश्न मनाते हुए लुत्फ उठाना चाहिए। हम 28 साल के लंबे इंतजार के बाद विश्व कप खेलने जा रहे हैं। ये वैसे ही हमारी फुटबाल के इतिहास में घटी सबसे बड़ी घटना है। नार्वे के बच्चों के पास कहानियां होंगी, जो वो बड़े होकर सुना पाएंगे। मैं तो ऐसा कर नहीं पाया। इसलिए मेरे लिए ये बहुत उत्साहजनक है।

    फ्रांस, सेनेगल और इराक के साथ नार्वे को कठिन ग्रुप मिला हुआ है। इस ग्रुप से आगे जाने के लिए आप कितने आश्वस्त हैं?

    देखिए विश्व कप में भविष्यवाणी करना नामुमकिन है। हमारे ग्रुप में तीन देश हैं जिनका फुटबॉल का इतिहास बहुत शानदार रहा है। हम अपना इतिहास लिखने की कोशिश कर रहे हैं और विश्व कप में हर मैच मुश्किल होता है, हमने तैयारी कर रखी है कि हम अपने शारीरिक, मानसिक और रणनैतिक क्षमताओं को सर्वश्रेष्ठ स्तर पर रख पाएं।

    आपके ग्रुप का आखिरी मैच पहले से ही काइलियन एमबापे बनाम एर्लिंग हालैंड के रूप में चर्चा बटोर रहा है। इस पर आप क्या सोचते हैं?

    फुटबॉल का खेल 11 बनाम 11 होता है। ये कभी भी दो खिलाड़ियों के बीच नहीं होता। ये एक टीम खेल है। नार्वे फ्रांस के विरुद्ध खेलेगा, फ्रांस की फुटबॉल इस वक्त अपने स्वर्णिम युग में है। वो 2018 में चैंपियन थे और 2022 में खिताब जीतने के बहुत करीब पहुंचे थे। सबको पता है कि काइलियन एमबापे एक सुपर फुटबॉलर हैं।

    लेकिन उन्हें भी अच्छा करने के लिए साथियों की जरूरत होगी। फुटबॉल में एक व्यक्ति का प्रदर्शन बढ़िया करने के लिए टीम के प्रदर्शन की बहुत जरूरत पड़ती है। एक प्रशंसक के रूप में निश्चित तौर पर मैं यह मैच देखने के लिए उत्साहित होता। लेकिन इस मैच में खेलने जा रहे फुटबालर के रूप में मेरा लक्ष्य टीम की मदद करना होगा।

    फीफा विश्व कप के पहले नॉकआउट चरण में 32 टीमें होंगी। जिसका अर्थ है कि लीग चरण के बाद 16 टीमें ही बाहर होंगी। अब नॉकआउट तक जाना आसान नहीं हो गया है?

    देखिए ये एक अलग एंगल है। सच में, लेकिन मेरे लिए यह कभी भी चिंता का विषय नहीं था। हमें ग्रुप चरण में तीन श्रेष्ठ टीमों के विरुद्ध अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा, बस इतनी सी बात है। वहां फुटबॉल खेलने वाले 48 बेस्ट देश होंगे और हम उनमें से एक हैं। अब सारी बात यहां रुकती है कि मैच वाले दिन कौन कैसा खेलता है। यहां कुछ भी हो सकता है। इसलिए हमारा फोकस तीनों मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर होगा।

    इस बार किस टीम और किन फुटबॉलरों के पास टूर्नामेंट में आगे जाने की क्षमता है?

    ऐसे तो बहुत सारे हैं। यूरोप और दक्षिण अमेरिकी दिग्गज हमेशा ही रेस में आगे रहेंगे। लेकिन अफ्रीका और एशिया वाले भी बेहतर कर रहे हैं। ये बहुत शानदार उत्साहित करने वाली प्रतियोगिता होगी और जो भी टीमें मैदान पर कम से कम गलतियां करेंगी, उनके जीतने की संभावना ज्यादा होगी।(पीएमजी)

    यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप को लेकर भारत में भी उत्साह, दुनिया की सबसे छोटी सोने की बनी ट्रॉफी

    यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: विजेता टीम को मिलती है दुनिया की सबसे महंगी ट्रॉफी, कीमत जानकर यकीन नहीं कर पाएंगे आप