FIFA World Cup 2026: हालैंड के वाइकिंग्स को मिलेगी कड़ी चुनौती, नॉर्वे के लिए आइवरी कोस्ट से निपटना आसान नहीं
फीफा विश्व कप के अंतिम-32 में नॉर्वे को आइवरी कोस्ट से कड़ी चुनौती मिलेगी, जहां एर्लिंग हालैंड पर टीम का दारोमदार होगा। आइवरी कोस्ट का मजबूत डिफेंस और ...और पढ़ें

एर्लिंग हालैंड पर रहेंगी नजरें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली : फ्रांस के विरुद्ध 10 बदलाव कर दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों का दिल तोड़ने वाली नॉर्वे की टीम के पास अब ऐसी कलाकारी का वक्त नहीं रहा। अंतिम-32 में जरा सी चूक उनके चप्पू नॉर्वे की तरफ ही घुमा देगी। एर्लिंग हालैंड की अगुआई वाले नॉर्वे का अटैक पिछले मैच के विश्राम के बाद तरोताजा होकर उतर रहा है।
आइवरी कोस्ट की मजबूत शारीरिक सौष्ठव और तेज फुटबॉल खेलने वाली टीम के सामने इनकी कड़ी परीक्षा होगी। दूसरी तरफ नॉर्वे के डिफेंडरों को यान डियामांडे की तेजी से चौकन्ना रहना होगा। पलक झपकते ही ये मैदान के इस पार से उस पार पहुंचा जाते हैं और इन्हें रोकना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं रहता।
ग्रुप चरण में दिखाया दम
नॉर्वे की टीम ग्रुप चरण में फ्रांस से हारकर आ रही है। इन्होंने ग्रुप चरण के मैचों में आठ गोल मारे लेकिन सात खाए भी और पहली बार विश्व कप के नॉकआउट में पहुंचा इतिहास रच चुकी आइवरी कोस्ट की टीम इनके डिफेंस की इस कमजोरी का पूरा फायदा उठाना चाहेगी। नॉर्वे की ही तरह यह टीम भी ग्रुप में एक ही मैच हारी है, लेकिन इन्होंने इस दौरान सिर्फ दो गोल खाए, नॉर्वे के अटैक के लिए इस डिफेंस से पार पाना बहुत कठिन होने वाला है।
नार्वे की रणनीति
एक लाइन में कहें तो, हालैंड तक गेंद पहुंचा दो बाकी वो देख लेगा। हालैंड के डेब्यू के बाद से ही नॉर्वे की फुटबॉल कुछ इसी तरह चली है। ध्रुव तारे की तरह चमक रहे हालैंड ने अभी तक एक बार भी नॉर्वे को निराश नहीं किया है। वाइकिंग दंतकथाओं के नायक रैग्नर लोथब्रोक की तरह हालैंड भी जहां गए हैं वहीं विजयी होकर लौटे हैं। लेकिन नॉर्वे के प्रशंसक बिल्कुल नहीं चाहेंगे कि वह किसी तरह का दबाव लें और इसके लिए जरूरी है कि टीम के बाकी अटैकर्स जिसमें युवा आस्कर बाब भी शामिल हैं, अपने-अपने किरदार को बखूबी निभाएं।
खबरें और भी
फॉर्मेशन: नार्वे की टीम 4-3-3 की फॉर्मेशन पर भरेसा करती है। इस फॉर्मेशन में अलेक्जांडर सोरलोथ और एंटोनियो नूसा विंगर के रूप में उतरते हैं जबकि एर्लिंग हालैंड अकेले स्ट्राइकर। हालैंड के ठीक पीछे अटैकिंग मिडफील्डर के रूप में कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड खुद होते हैं। हालैंड इस विश्व कप के दो मैच में चार गोल मार चुके हैं टीम को एक बार फिर से उनसे ही गोल की उम्मीद रहेगी।
संभावित शुरुआती 11- ओर्यान लाइलंद (गोलकीपर), टोरब्यार्न हेग्गेम, क्रिस्टोफर अयेर, जूलियन रेरसन, फ्रेडरिक आर्सनेस, सैंडर बर्ग, मार्टिन ओडेगार्ड, एंटोनियो नूसा, एर्लिंग हालैंड और अलेक्जांडर सोरलोथ।
आइवरी कोस्ट की रणनीति
इतिहास में पहली बार फीफा विश्व कप का नॉकआउट खेलने जा रही आइवरी की टीम डिफेंसिव मिडफील्डर फ्रैंक केस्सिए की गेंद आगे बढ़ाने और अटैक रोकने की क्षमता पर काफी निर्भर रहती है। टीम के डिफेंडर जरूरत पड़ने पर डर्टी फुटबाल (गेंद पर कलाकारी से ज्यादा शारीरिक बल प्रयोग) खेलने से भी नहीं चूकते और बाकी का काम इनके तेज विंगर कर देते हैं। अमाद डियालो और यान डियामांडे के रूप में इनके पास दो बहुत तेज भागने वाले विंगर हैं जो अटैक और डिफेंस दोनों बेहतरीन तरीके से करते हैं।
फॉर्मेशन: आइवरी कोस्ट की टीम मुख्यत: 4-3-3 की फॉर्मेशन में खेलती है जो जरूरत पड़ने पर तेजी से 4-2-3-1 या 4-2-4 में भी बदल जाती है।
संभावित शुरुआती 11: याहिया फोफाना (गोलकीपर), गेला डू, ओस्मान डियामांडे, इम्मैनुएल अगबादू, गिस्लेन कोनान, फ्रैंक केस्सिए, इब्राहिम सांगरे, क्राइस्ट इनाओ उलाइ, अमाद डियालो, आंगे योआन बोन्नी और यान डियामांडे।
यह भी पढ़ें- दुर्भाग्य की पराकाष्ठा से गुजरी ईरानी टीम अमेरिका से बाहर