FIFA वर्ल्ड कप 2026 में खेलने को लेकर ईरान पर मंडराया संकट, रियल मैड्रिड को मिली लगातार दूसरी हार
रियल मैड्रिड को ला लीगा में गेटाफे से 1-0 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे बार्सिलोना की शीर्ष पर स्थिति मजबूत हुई। यह रियल की लगातार दूसरी हार है। वह ...और पढ़ें
-1772545211497_m.webp)
ईरान फुटबॉल टीम
HighLights
रियल मैड्रिड को गेटाफे ने 1-0 से हराया, लगातार दूसरी हार
मध्य पूर्व संघर्ष से ईरान का विश्व कप में खेलना संदिग्ध
ईरान के हटने पर इराक या यूएई को मिल सकता है मौका
एपी, मैड्रिड। रियल मैड्रिड की स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लीगा में लगातार दूसरी हार के कारण बार्सिलोना ने अंक तालिका में शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। गेटाफे ने सैंटियागो बर्नबेउ स्टेडियम में मार्टिन सैट्रियानो के गोल की मदद से रियल मैड्रिड को 1-0 से हराकर चौंकाने वाली जीत हासिल की। इस हार से रियल मैड्रिड अपने चिर प्रतिद्वंद्वी बार्सिलोना से चार अंकों के अंतर को कम करने में असफल रहा।
बार्सिलोना के अब 26 मैच में 64 अंक जबकि रियल मैड्रिड के इतने ही मैच में 60 अंक हैं। एटलेटिको मैड्रिड और विलारियाल 26 मैच में 51 अंक लेकर क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। गेटाफे के 26 मैच में 32 अंक हैं और वह 11वें स्थान पर है। गेटाफे को रियल मैड्रिड के विरुद्ध अपने पिछले सभी आठ लीग मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। गोलकीपर डेविड सोरिया ने शुरू में कुछ शानदार बचाव करके अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
विश्व कप में ईरान की जगह ले सकता है इराक
विश्व कप के सह मेजबान अमेरिका की पहल पर मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के बढ़ने के कारण तीन महीने बाद होने वाली फुटबॉल की सबसे बड़ी प्रतियोगिता में ईरान का भाग लेना संदिग्ध है और ऐसी स्थिति में उसकी जगह इराक या यूएई को दी जा सकती है। ईरान को विश्व कप के ग्रुप जी चरण के अपने तीनों मैच अमेरिका में खेलने हैं। उसे कैलिफोर्निया में 15 जून को न्यूजीलैंड और 21 जून को बेल्जियम के विरुद्ध मैच खेलने हैं। इसके बाद वह 26 जून को सिएटल में मिस्त्र के विरुद्ध मैच खेलेगा।
अमेरिका-इजरायल का ईरान पर हमला
अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद ईरान ने भी जवाबी हमले किए। उसने 2022 विश्व कप के मेजबान कतर और सऊदी अरब सहित अमेरिका के सहयोगियों पर मिसाइलें दागीं। एशियाई फुटबॉल महासंघ के उपाध्यक्ष और ईरान के शीर्ष फुटबॉल अधिकारी मेहदी ताज ने कहा, निश्चित रूप से इस हमले के बाद हम विश्व कप में भाग लेने को लेकर उम्मीद की दृष्टि से नहीं देख सकते।
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ईरान 11 जून से शुरू होने वाले विश्व कप के लिए अपनी टीम भेजेगा या नहीं या अमेरिका की सरकार उसकी टीम को अपने यहां आने से रोकेगी या नहीं। अगर ईरान विश्व कप से हटता है तो उसके फुटबाल महासंघ को 10.5 मिलियन डालर का नुकसान होगा। उस पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

