FIFA World Cup 2026: पहले चूके और फिर छा गए महानतम लियोनेल मेसी, अर्जेंटीना ने सांस थाम देने वाले मैच में मिस्र को पटका
अंतिम-16 के मुकाबले में मिस्र के विरुद्ध 2-0 से पिछड़ने के बाद अर्जेंटीना ने 3-2 से शानदार जीत दर्ज की। ...और पढ़ें
-1783449421385_m.webp)
लियोन मेसी
HighLights
अर्जेंटीना ने इंजरी टाइम के तीसरे मिनट में किया गोल
9- लगातार विश्व कप मैचों में गोल कर चुके हैं लियोन मेसी
8- गोल के साथ गोल्डेन बूट की रेस में फिर आगे निकले मेसी
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। फुटबॉल के तमाम इतिहासकारों को अब नियम और कानून बदल देने चाहिए क्योंकि फुटबॉल की दुनिया में एक इंसान लगातार हर दिन अपने पैरों से नई इबारत लिख रहा है। अमेरिका के अटलांटा स्टेडियम में जब सबने अर्जेंटीना को बाहर मान लिया था तब इसी लियोन मेसी नाम के इंसान ने वक्त को अपने जूतों से कुचलते हुए सारे लिखे हुए पन्ने मिटा डाले।
दुनिया ने एक बार फिर से देखा कि कैसे एक खिलाड़ी एक ही मैच में पेनाल्टी मिस करने से लेकर दुनिया के महानतम फुटबॉलर का सफर तय कर लेता है, वो भी एक बार नहीं... बार-बार। अंतिम-16 के मुकाबले में मिस्र के विरुद्ध 2-0 से पिछड़ने के बाद अर्जेंटीना ने 3-2 से शानदार जीत दर्ज की।
हाफ टाइम तक स्कोर 1-0
मिस्र ने इस मैच में बेहतरीन शुरुआत की थी, उन्होंने अर्जेंटीना को लगातार परेशान किया और 15वें मिनट में यासिर इब्राहिम के बेहतरीन हेडर की मदद से 1-0 की बढ़त बना ली। साल 2018 के विश्व कप के बाद पहली बार अर्जेंटीना ने किसी विश्व कप के पहले हाफ में गोल खाया था। इसी हाफ में अर्जेंटीना को एक पेनल्टी भी मिली लेकिन मेसी इसे गोल में नहीं बदल पाए। इसके अलावा मिस्र के गोलकीपर ने मिडफील्डर मैक एलिस्टर और स्ट्राइकर जूलियन अल्वारेज के शॉट भी बेहद करीब से रोके और हाफ टाइम तक स्कोर 1-0 ही रखा।
दोगुनी की बढ़त
मिस्र ने मैच के 60वें मिनट में अपनी बढ़त दोगुनी कर ली जब मिस्र ने एक बेहतरीन रन के जरिए अर्जेंटीना के डिफेंस को भेद दिया। हालांकि, वीडियो असिस्टेंट रेफरी (वीएआर) की जांच में पता चला कि इस गोल के लिए अर्जेंटीना से गेंद छीनते वक्त मिस्र ने उनके डिफेंडर लिसांद्रो मार्तिनेज पर फाउल कर दिया था। वीएआर ने इस गोल को अमान्य करार दे दिया।
मसीहा मैदान पर आया
हालांकि इसके सात मिनट बाद ही मिस्र ने स्कोर 2-0 कर ही लिया। मुस्तफा जिको ने लगभग पिछली बार की ही तरह अर्जेंटीना के डिफेंस को छिन्न-भिन्न करते हुए गोल कर दिया। इस गोल में उनकी मदद की हैसम हसन ने। मैच में एक घंटे से ज्यादा वक्त बीत चुका था और अर्जेंटीना 2-0 से पीछे थी। उनके कट्टर प्रशंसक भी अब मान चुके थे कि मैच मिस्र जीत जाएगा लेकिन जब सबसे निराशा अपने चरम पर होती है तभी तो मसीहा आता है।
खबरें और भी
मसीहा आया, अर्जेंटीना की मशहूर सफेद और नीली धारियों वाली 10 नंबर की जर्सी में। मैच का 79वां मिनट, मेसी के असिस्ट पर डिफेंडर क्रिस्तियन रोमेरो ने अर्जेंटीना की वापसी शुरू की और फिर 83वें मिनट में मेसी ने एक बार फिर से अटैक बनाया और जब स्ट्राइकर लुतारो मार्तिनेज इसे फिनिश नहीं कर पाए और गेंद वापस मेसी के पास आई तो उन्होंने बाक्स के बाहर से ही झन्नाटेदार शाट मारकर इसे गोल में भेज स्कोर 2-2 कर दिया। इस गोल का असिस्ट गया गोंजालो मोंतियल के खाते में जिन्होंने इस गेंद को मिस्र के बाक्स से बाहर निकाला था।
मैच बराबरी पर था
अब मैच 2-2 की बराबरी पर था और अर्जेंटीना के प्रशंसकों का हौसला लौट चुका था, लेकिन मैच अभी खत्म नहीं हुआ था। पूरे मैच में मिस्र ने काउंटर अटैक करके अर्जेंटीना की नाक में दम कर रखा था, कितना काव्यात्मक अंत हो अगर अर्जेंटीना इस मैच को इसी अंदाज में जीते। प्रशंसकों ने शायद ये बात मन में सोची भी ना होगी, लेकिन हुआ एकदम ऐसा।
अर्जेंटीना ने इंजरी टाइम के तीसरे मिनट (90+3) में ऐसा काउंटर अटैक किया कि मिस्र की टीम गेंद के आसपास भी नहीं आ पाई और लिसांद्रो मार्तिनेज ने अंत में गेंद हवा में उछाली और मिडफील्डर एंजो फर्नांदेज ने इसे हेडर के जरिए गोल में भेज अर्जेंटीना को 3-2 से जिताकर अगले चरण में भेज दिया।