FIFA World Cup 2026: मेसी की नजरें रिकॉर्ड तो अर्जेंटीना की क्वार्टर फाइनल पर
अर्जेंटीना मंगलवार को फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में मिस्र से भिड़ेगा, जहां लियोनेल मेसी की नजरें एक और बड़े रिकॉर्ड पर होंगी। गत चैंपि ...और पढ़ें

मेसी की नजरें रिकॉर्ड पर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली : फीफा विश्व कप 2026 के प्री क्वार्टर फाइनल में मंगलवार को अर्जेंटीना का सामना मिस्र से होगा। इस मुकाबले में गत चैंपियन टीम की नजर जहां क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने पर होगी, वहीं स्टार खिलाड़ी लियोन मेसी के पास विश्व कप इतिहास में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा।
केप वर्दे के विरुद्ध पिछले मुकाबले में गोल करने के साथ ही मेसी इस विश्व कप में सात गोल पूरे कर चुके हैं और वह दो अलग-अलग विश्व कप में सात या उससे अधिक गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। हालांकि फ्रांस के किलियन एमबापे ने पैराग्वे के विरुद्ध गोल कर इस उपलब्धि की बराबरी कर ली।
रिकॉर्ड पर रहेंगी नजरें
अब यदि मेसी मिस्र के विरुद्ध गोल करते हैं तो वह 1930 में के बाद एक ही विश्व कप में आठ गोल करने वाले दूसरे अर्जेंटीनी खिलाड़ी बन जाएंगे। 39 वर्षीय मेसी अगर इस मुकाबले में भी गोल दागते हैं तो वह विश्व कप में शुरुआती पांचों मैचों में गोल करने वाले छठे और अर्जेंटीना के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। इससे पहले यह उपलब्धि फ्रांस के जस्ट फोंटेन, ब्राजील के जायरजिन्हो, जर्मनी के गर्ड मूलर, ब्राजील के रिवाल्डो और कोलंबिया को जेम्स रोड्रिगेज हासिल कर चुके हैं।
हालांकि, अर्जेंटीना के लिए खिलाड़ियों की फिटनेस चिंता का विषय बनी हुई है। केप वर्दे के विरुद्ध अतिरिक्त समय तक चले मुकाबले में फाकुंडो मेडिना, एंजो फर्नांडेज और निकोलस गोंजालेज ऐंठन और चोट से परेशान दिखे थे। कोच लियोन स्कोलानी ने कहा कि अंतिम मिनटों में टीम के पास कोई बदलाव बाकी नहीं था और खिलाड़ियों ने पूरी ताकत लगाकर जीत हासिल की। अर्जेंटीना लगातार पिछले 10 विश्व कप मैचों में कम से कम दो गोल कर चुका है। यदि टीम मिस्र के विरुद्ध भी दो या अधिक गोल करती है तो वह 1930 से 1954 के बीच उरुग्वे के लगातार 11 विश्व कप मैचों में दो-दो गोल करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेगी।
खबरें और भी
मिस्र के लिए अहम मैच
दूसरी ओर, मिस्र ने आस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई। टीम अब विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली कैमरून, सेनेगल, घाना और मोरक्को के बाद पांचवीं अफ्रीकी टीम बनने का सपना देख रही है। स्टार खिलाड़ी मोहम्मद सालाह हैमस्ट्रिंग की समस्या के बावजूद पिछले मैच में पूरे 120 मिनट खेले थे और पेनल्टी शूटआउट में गोल भी किया था। इस विश्व कप में सालाह 16 गोल अवसर बना चुके हैं और दो और मौके बनाने पर वह अफ्रीकी खिलाड़ियों के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे।
पहली बार विश्व कप में होगी टक्कर होंगे
अर्जेंटीना और मिस्र विश्व कप में पहली बार आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के बीच पिछली और एकमात्र भिड़ंत 2008 में काहिरा में हुए मैत्री मैच में हुई थी, जिसमें अर्जेंटीना ने 2-0 से जीत दर्ज की थी। उस मैच में मेसी चोट के कारण नहीं खेले थे।