17 साल की उम्र में पेले ने बदल दी थी फुटबॉल की दुनिया, अब 68 साल पुराने मैच की जर्सी करोड़ों में होगी नीलाम
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले, महान फुटबॉलर पेले की 1958 विश्व कप फाइनल में पहनी जर्सी इस महीने नीलाम होगी, जिसकी कीमत लगभग 5.7 करोड़ रुपये होने ...और पढ़ें

जब दुनिया ने पहली बार पेले को पहचाना
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। फुटबॉल के महाकुंभ फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 12 जून से होने जा रहा है। इस बार यह टूर्नामेंट अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की धरती पर खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में गिने जाने वाले पेले की 1958 विश्व कप फाइनल में पहनी जर्सी इस महीने के आखिर में नीलाम होने वाली है। फुटबॉल की इस ऐतिहासिक जर्सी के नीलामी में करीब 6 मिलियन डॉलर यानी लगभग 5.7 करोड़ रुपये में बिकने की उम्मीद है।
जब दुनिया ने पहली बार पेले को पहचाना
जब 1958 फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में स्वीडन के खिलाफ पेले खेल रहे थे तो उनकी उम्र 17 साल की थी। युवा होने के नाते उन्हें बेहद ही कम लोग जानते थे, लेकिन 90 मिनट के खेल के बाद हालात बदल चुके थे।
ब्राजील ने 1958 फीफा विश्व कप के फाइनल मैच को 5-2 से जीता और उस मैच में युवा पेले ने दो शानदार गोल दागकर पूरी दुनिया को ये बता दिया था कि उनकी फुटबॉल की दुनिया में एंट्री हो चुकी है। उस एक मैच ने उनकी किस्मत बदली और वह लगातार शानदार प्रदर्शन कर विश्व के फुटबॉल के जादूगर कहलाए जाने लगे। कुछ लोग ये भी मानते हैं कि वह सिर्फ ब्राजील की पहली वर्ल्ड कप जीत नहीं थी, बल्कि 'पेले युग' की शुरुआत थी।
पेले बाद में तीन फीफा वर्ल्ड कप जीतने वाले इकलौते फुटबॉलर बने। उन्होंने 1958, 1962 और 1970 में ट्रॉफी उठाई। सैंटोस और ब्राजील के साथ उनके करियर ने उन्हें खेल के सबसे मशहूर नामों में से एक बना दिया।
फीफा की वेबसाइट के मुताबिक पेले ने 1366 मैचों में 1281 गोल किए। इसमें फ्रेंडली मैच और मिलिट्री सर्विस के दौरान खेले गए मैच भी शामिल हैं। ऑफिशियल मैचों में उन्होंने 812 मुकाबलों में 757 गोल दागे। ब्राजील के लिए उन्होंने 114 मैच खेले और 95 गोल किए, जिसमें 77 गोल ऑफिशियल इंटरनेशनल मैचों में आए।