विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबाला में 98.52 करोड़ से बनेगा पैट-स्पैक्ट स्कैन सेंटर, 3 राज्यों के कैंसर मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

Published: Sat, 05 Sep 2026 04:15 PM (IST)

अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल में 98.52 करोड़ रुपये की लागत से पैट और स्पैक्ट-स्कैन सेंटर बनेगा, जिससे हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कैंसर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

पंजाब और हिमाचल प्रदेश के गंभीर मरीजों को मिलेगी बड़ी सुविधा।

पंजाब और हिमाचल प्रदेश के गंभीर मरीजों को मिलेगी बड़ी सुविधा।


HighLights

  1. अंबाला में 98.52 करोड़ का पैट-स्पैक्ट-स्कैन सेंटर

  2. हरियाणा, पंजाब, हिमाचल के मरीजों को मिलेगी राहत

  3. कैंसर जांच के लिए दिल्ली-चंडीगढ़ की दौड़ खत्म

जागरण संवाददाता, अंबाला। अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल में आने वाले दिनों में गंभीर बीमारियों की जांच का दायरा बढ़ने जा रहा है। अस्पताल परिसर में ही चल रहे अटल कैंसर केयर सेंटर के साथ खाली पड़ी जगह में पैट और स्पैक्ट-स्कैन सेंटर विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है।

इसके लिए हरियाणा मेडिकल सर्विसेज कारपोरेशन लिमिटेड ने एजेंसी के चयन के लिए करीब 98.52 करोड़ रुपये का रिक्वेस्ट प्रपोजल जारी किया है। यह सिर्फ मशीनें लगाने का प्रोजेक्ट नहीं होगा, बल्कि चयनित एजेंसी सेंटर का डिजाइन, निर्माण, उपकरणों की आपूर्ति, इंस्टालेशन, कमीशनिंग और संचालन करेगी।

तीन राज्यों को होगा बड़ा फायदा

पांच साल तक इसका आपरेशन एंड मेंटेनेंस भी उसी की जिम्मेदारी होगी। पैट और स्पैक्ट-स्कैन शुरू होने से न केवल अंबाला बल्कि साथ लगते यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल व हिमाचल और पंजाब प्रदेश के मरीजों को भी राहत मिलेगी यानी सीधे तौर पर हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के मरीज यहां सस्ते रेट पर आसानी से बीमारी की जांच करवा सकेंगे।

वर्तमान की बात करें तो हर महीने औसतन 55 से 60 मरीज अंबाला अटल कैंसर केयर सेंटर से बाहर भेजने पड़ते हैं। बहुत से मरीज इसीलिए यहां नहीं आते क्योंकि यहां पैट और स्पैक्ट स्कैन की सुविधा ही नहीं है। अंबाला अटल कैंसर केयर सेंटर में 2025 में 20,016 ओपीडी हुई।

यह भी पढ़ें- यात्रीगण कृपया ध्यान दें! 9 सितंबर को ब्लॉक रहेगा अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन, 2 ट्रेने हुईं रद; 10 के प्लेटफॉर्म बदले

बड़े शहरों पर निर्भरता घटाने की दिशा में कदम

पैट-सीटी जैसी जांच का इस्तेमाल मुख्य रूप से कैंसर की पहचान, बीमारी के फैलाव का आकलन और इलाज के असर की निगरानी जैसे मामलों में किया जाता है।

वहीं स्पेक्ट-सीटी न्यूक्लियर मेडिसिन आधारित इमेजिंग को सीटी स्कैन की तस्वीरों के साथ जोड़कर शरीर के भीतर किसी अंग या बीमारी की स्थिति को अधिक स्पष्ट तरीके से समझने में मदद करता है। ऐसे में अंबाला में यह सुविधा विकसित होने पर गंभीर मरीजों के लिए जांच की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर मजबूत होगी।

चंडीगढ़-दिल्ली करना पड़ रहा रूख

फिलहाल पैट स्कैन और न्यूक्लियर मेडिसिन से जुड़ी अत्याधुनिक जांचों के लिए मरीजों को चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर या अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों का रुख करना पड़ता है या फिर निजी अस्पतालों में जेब कटवानी पड़ती है।

जांच के साथ सफर, समय और अतिरिक्त खर्च का बोझ भी मरीज और परिवार को उठाना पड़ता है। सरकारी अस्पताल में ऐसी सुविधा विकसित होने का सीधा महत्व इसी वजह से बढ़ जाता है।

अंबाला में कैंसर के मरीजों की संख्या

1. 2022 में 482
2. 2023 में 843
3. 2024 में 626
4. 2025 में 635

हर साल बढ़ रहा भरोसा

अंबाला छावनी में चल रहे अटल कैंसर केयर सेंटर के प्रति हर भरोसा बढ़ रहा है आंकड़े इसके गवाह हैं। 2022 में 200 सर्जरी, इस साल शुरू हुआ था अटल कैंसर सेंटर। इसके बाद 2023 में 1050 सर्जरी, 2024 में 850 सर्जरी और 2025 में 721 सर्जरी।

2022-23 में स्टाफ के साथ सर्जन भी ज्यादा थे। इसीलिए सर्जरी ज्यादा हुई 2023 में छोटी सर्जरी ज्यादा होने के कारण संख्या ज्यादा बढ़ी। 2024-25 में बड़ी और जटिल सर्जरी हुई।

हर साल 2500 से ज्यादा अधिक मरीजों की यहां कीमोथैरेपी होती है। 2025 में 2743 को कीमोथैरेपी यहां दी गई थी। जिसके लिए कुल 3,829 कीमोथैरेपी सत्र आयोजित किए गए। इस दौरान 396 मैमोग्राफी जांच, 237 ब्रैकीथेरेपी प्रक्रियाएं भी हुई।

यह स्थिति उस वक्त है जब इस सेंटर में पैट स्कैन की सुविधा नहीं है और अस्पताल में मेडिकल आन्कोलाजिस्ट और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी है। लिहाजा पैट स्कैन और स्पेक्ट स्कैन शुरू होने से न केवल मरीजों को राहत मिलेगी बल्कि ओपीडी और आपरेशन भी बढ़ने तय हैं।

पैट-स्पैक्ट स्कैन सेंटर यहां शुरू होने से न केवल अंबाला बल्कि साथ लगते जिलों और पंजाब व हिमाचल प्रदेश के मरीजों को भी सीधे तौर पर लाभ होगा। साथ ही समय पर उपचार शुरू होने से मरीज को बीमारी से समय रहते निजात दिलाई जा सकेगी
डा. अरुण सिंगला, एसएमओ, अटल कैंसर केयर सेंटर।

यह भी पढ़ें- हरियाणा में फ्री EV पंजीकरण शुरू, अंबाला में पहला इलेक्ट्रिक वाहन हुआ पंजीकृत; पूरा टैक्स माफ होने से लाखों का मिला फायदा