Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    स्टेट रजिस्ट्रार के फैसले से बीसीसीआई चुनाव को मिली हरी झंडी, 22 को मतदान

    Updated: Wed, 20 May 2026 05:44 PM (IST)

    बहादुरगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) के चुनाव पर लगी रोक हटा दी गई है। ...और पढ़ें

    बीसीसीआई चुनाव को मिली हरी झंडी। जागरण

    बीसीसीआई चुनाव को मिली हरी झंडी। जागरण

    HighLights

    1. राज्य रजिस्ट्रार ने बीसीसीआई चुनाव से रोक हटाई।

    2. बहादुरगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के चुनाव 22 मई को।

    3. उद्योग विकास मंच ने फैसले को सच्चाई की जीत बताया।

    जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआइ) के चुनाव को लेकर चल रहे विवाद में नया मोड़ आ गया है। फर्म एंड सोसायटी स्टेट रजिस्ट्रार ने जिला रजिस्ट्रार के फैसले पर रोक लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए हैं।

    ऐसे में मतदान की तिथि 22 मई तय कर दी गई है। इस फैसले के बाद उद्योग विकास मंच के सदस्यों में खुशी का माहौल है। मंच से जुड़े उद्योगपतियों ने इसे सच्चाई की जीत बताते हुए टीम प्रोग्रेसिव फ्रंट और कोबी अध्यक्ष प्रवीण गर्ग द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है।

    उद्योग विकास मंच की ओर से सुभाष जग्गा, विकास आनंद सोनी व नरेंद्र छिकारा का कहना है कि स्टेट रजिस्ट्रार के समक्ष हुई सुनवाई में प्रवीण गर्ग अपनी ओर से लगाए गए एक भी आरोप को साबित नहीं कर पाए।

    मंच ने लगाए ये आरोप

    मंच का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया को रोकने और संस्था को विवादों में उलझाने के लिए लगातार भ्रामक बयानबाजी की जा रही थी, लेकिन अब स्टेट रजिस्ट्रार के फैसले से पूरी स्थिति साफ हो गई है। मंच सदस्यों ने कहा कि बीसीसीआइ पिछले कई दशकों से उद्योगों और उद्योगपतियों के हितों के लिए कार्य करती आ रही है।

    खबरें और भी

    प्रवीण गर्ग की ओर से संस्था को कमजोर करने और उद्योगपतियों में भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उद्योग विकास मंच ने कहा कि यदि वोटर लिस्ट, सदस्यता या चुनाव प्रक्रिया में कोई गंभीर अनियमितता होती तो स्टेट रजिस्ट्रार चुनाव पर रोक को आगे भी जारी रखते लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

    चुनाव को लेकर जानबूझकर भ्रम की स्थिति पैदा की गई और राजनीतिक दबाव जैसे आरोप लगाकर संस्था की छवि खराब करने की कोशिश की गई। ऐसी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

    8 मई को लगाई थी जिला रजिस्ट्रार ने चुनाव पर अस्थायी रोक

    बीसीसीआइ के चुनाव 11 मई को प्रस्तावित थे, मगर उससे पहले ही टीम प्राग्रेसिव फ्रंट की ओर से मतदाता सूची में गड़बड़ी और अन्य अनियमितताओं को लेकर शिकायत की गई थी।

    इस पर जिला फर्म एवं सोसायटी रजिस्ट्रार द्वारा चुनाव पर अस्थायी रोक लगाते हुए चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था, इसमें उद्यमियों के दोनों ग्रुप से दो-दो सदस्य शामिल किए गए थे।

    10 दिन के अंदर मतदाता सूची काे दुरुस्त करके रिपोर्ट सौंपने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन उद्योग विकास मंच ने जिला रजिस्ट्रार के फैसले को लेकर स्टेट रजिस्ट्रार के समक्ष चुनौती दी थी, इस पर स्टेट रजिस्ट्रार ने जिला रजिस्ट्रार के आदेश पर रोक लगा दी और चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए हैं।

    इधर, निर्वाचन अधिकारी पीके बंसल ने बताया कि स्टेट रजिस्ट्रार के फैसले के आधार पर 22 मई को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।

    यह भी पढ़ें- बहादुरगढ़ बीसीसीआई चुनाव में धांधली के आरोप, प्रोग्रेसिव फ्रंट ने जिला रजिस्ट्रार से हस्तक्षेप की मांग उठाई

    यह भी पढ़ें- बहादुरगढ़ बीसीसीआई चुनाव में बढ़ा तनाव, उद्योग विकास मंच ने विरोधियों पर लगाए गंभीर आरोप