कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हरियाणा की बेटी का परचम, रेलवे की प्रिया ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड
युवा मुक्केबाज प्रिया घणघस ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिला 60 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, कनाडा की मैरी अल-अहमादीह को 4-1 से हराया। ...और पढ़ें

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हरियाणा की बेटी का परचम। फोटो जागरण
HighLights
प्रिया घणघस ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में स्वर्ण जीता।
महिला 60 किलो भार वर्ग में कनाडा की मैरी को हराया।
भारत ने मुक्केबाजी में चार स्वर्ण का नया रिकॉर्ड बनाया।
जागरण संवाददाता, भिवानी। भारतीय रेलवे की युवा मुक्केबाज प्रिया घनघस ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिला 60 किलो भार वर्ग का स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। 20 वर्षीय एशियन चैंपियन प्रिया ने फाइनल में कनाडा की मैरी अल-अहमादीह को 4-1 के स्प्लिट डिसीजन से हराकर अपने करियर का पहला राष्ट्रमंडल खेल स्वर्ण पदक हासिल किया।
उनकी जीत के साथ ही भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों के मुक्केबाजी इतिहास में पहली बार चार स्वर्ण पदक जीतने का नया रिकार्ड भी बना दिया। पूरे टूर्नामेंट में प्रिया ने दमदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में शुरुआती दबाव के बावजूद उन्होंने संयम बनाए रखा और निर्णायक राउंड में सटीक पंच लगाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनकी इस सफलता से भारतीय रेलवे के साथ-साथ हरियाणा में भी खुशी की लहर है।
भारतीय खेल प्राधिकरण के मुख्य कोच महावीर सिंह ने इस जीत पर बधाई दी और बोले प्रिया ने वह कर दिखाया जिसका खेल प्रेमियों को इंतजार था। गांव में खूब जश्न मनाया गया। पिता महेंद्र सिंह घनघस और भाई नीरज ने कहा हमें भरोसा था प्रिया कामनवेल्थ में गोल्ड जीतेगी और खेल प्रेमियों की उम्मीदों पर खरा उतरेगी।