दिल्ली पुलिस के सिपाही ने यूट्यूब वीडियो दिखाकर दी थी ATM काटने की ट्रेनिंग, ऑनलाइन गेमिंग की है लत
दिल्ली पुलिस के एक सिपाही ने ऑनलाइन गेमिंग में 10 लाख रुपये हारने के बाद यूट्यूब वीडियो दिखाकर दो वेल्डर को एटीएम काटने का प्रशिक्षण दिया था। ...और पढ़ें

फरीदाबाद पुलिस ने एटीएम चोरों को पकड़ा। फोटो: आर्काइव
HighLights
सिपाही ने ऑनलाइन गेमिंग में 10 लाख रुपये का घाटा किया
यूट्यूब वीडियो दिखाकर वेल्डरों को एटीएम काटने का प्रशिक्षण दिया
फरीदाबाद में दो एटीएम से लाखों की चोरी, आरोपी गिरफ्तार
हरेंद्र नागर, फरीदाबाद। दिल्ली पुलिस का सिपाही गांव अटाली निवासी हुकम सिंह आनलाइन सट्टेबाजी के चक्कर में 10 लाख रुपये हार गया था। यह घाटा पूरा करने के लिए उसने अपने गांव में वेल्डिंग की दुकान करने वाले विकास और राजू को यूट्यूब पर वीडियो दिखाकर गैस कटर से एटीएम काटने में ट्रेंड किया।
पहले से गैस कटर चलाने का अनुभव होने के कारण वे जल्दी ही एटीएम काटना सीख गए। इसके बाद उनसे भूपानी में एक एटीएम कटवाकर 6.53 लाख रुपये चोरी कराए।
पहली चोरी के बाद साथियों ने तोड़ा संपर्क
अगर आरोपित उसके हिसाब से चलते तो शायद पकड़े नहीं जाते, हुकम सिंह ने चोरी इतनी सफाई से कराई थी कि पुलिस को चोरों का कोई सुराग नहीं लग रहा था, मगर विकास ने पहली चोरी में सफल होने के बाद हुकम सिंह से संपर्क तोड़ लिया।
उसे चोरी के रुपयों में से हिस्सा भी नहीं दिया। विकास ने अन्य साथियों के साथ मिलकर सेक्टर-58 क्षेत्र में दूसरा एटीएम काटकर 5.71 लाख रुपये चोरी कर लिए, इस दौरान उन्होंने कुछ ऐसी गलतियां कर दीं, जो हुकम सिंह ने उन्हें पहली चोरी में नहीं करने दी थीं।
पहले से सतर्क पुलिस आरोपितों की इसी गलती का इंतजार कर रही थी। पुलिस को दूसरी चोरी में कई अहम सुराग हाथ लग गए और आरोपितों की पहचान हो गई। इसके बाद उन्हें बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया।
यूट्यूब देखकर सीखा एटीएम काटना
क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि गैस कटर से एटीएम काटने के लिए बहुत सावधानी की जरूरत होती है, थोड़ी सी गलती होने पर एटीएम में रखे नोट जल सकते हैं।
यूट्यूब वीडियो देखकर आरोपित पूरी तरह परफेक्ट हो गए थे। यही कारण है कि दोनों ही एटीएम में चोरी के दौरान एक भी नोट नहीं जला।
अर्द्धसैनिक बल छोड़कर बना दिल्ली पुलिस का सिपाही
एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया आरोपित हुकम सिंह अर्द्धसैनिक बल में एएसआइ रह चुका है। साल 2016 में वह दिल्ली पुलिस में सिपाही भर्ती हो गया, इसलिए अर्द्धसैनिक बल की नौकरी छोड़ दी थी।
खबरें और भी
अब वह बिजवासन थाने में पीसीआर पर तैनात था। आरोपित ने बीकाॅम किया हुआ है। अब वह बीएड कर टीचर बनने की तैयारी कर रहा था। जब परिवार वालों को पता चला कि वह एटीएम चोरी में संलिप्त है तो उन्होंने पुलिस से उसके ऊपर कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा।