Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अतिक्रमण का मकड़जाल... फरीदाबाद में नालों पर कब्जे ने रोकी सफाई, नाले में गिरे ट्रैक्टर और अर्थमूवर

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 12:09 PM (IST)

    फरीदाबाद में नालों पर भारी अतिक्रमण के कारण सफाई कार्य बाधित हो गया है, हाल ही में एक नाले में ट्रैक्टर-अर्थमूवर गिरने से लाखों का नुकसान हुआ। ...और पढ़ें

    सफाई के दौरान नाले में गिरे ट्रैक्टर-अर्थमूवर। जागरण

    सफाई के दौरान नाले में गिरे ट्रैक्टर-अर्थमूवर। जागरण

    जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। अतिक्रमण का इतना बुरा हाल है कि अब नालों की सफाई भी नहीं हो पा रही है। नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही की वजह से सभी नालों पर कब्जा हो गया है। सालों से लोग रह रहे हैं। रविवार को एसी नगर के बीच से गुजर रहे नाले में सफाई के दौरान ट्रैक्टर व अर्थमूवर गिर गया था।

    शुक्र रहा कि दोनों के चालक बाल-बाल बच गए लेकिन दोनों वाहनों के रूप में लाखों का नुकसान हुआ। इसलिए अब फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण यहां अतिक्रमण हटने के बाद ही सफाई करेगा। इस बारे में नगर निगम को पत्र लिख दिया गया है क्योंकि अतिक्रमण नगर निगम को हटाना है। दरअसल यहां सफाई करने के लिए जगह ही नहीं बची है।दोनों ओर नाले के पास तक काफी अतिक्रमण है।

    लोगों ने मकान-दुकान तक बना लिए हैं। इस वजह से जब भी अर्थमूवर चलती है तो बड़ी सावधानी बरतनी पड़ती है। दोबारा हादसा न हो, इसलिए अब प्राधिकरण सावधानी बरत रहा है।

    12 साल बाद हो रही नाले की सफाई

    फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की ओर से नाले की सफाई का काम करवाया जा रहा है। करीब 12 साल बाद इन नाले की सफाई करवाई जा रही है। कालोनी के स्थानीय लोगों ने बताया कि निगम की ओर से पहले कभी सफाई नहीं करवाई गई।

    इसके साथ ही नाले के किनारे जिन लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ है। उनको भी नहीं हटाया गया। एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता ओमदत्त ने बताया कि पूरी उम्मीद है कि नगर निगम अधिकारी जल्द अतिक्रमण का सफाया कर देंगे। इसके बाद यहां सफाई कराई जा सकेगी।

    खबरें और भी

    बुढ़िया नाले का भी बुरा हाल

    अतिक्रमण की वजह से बुढ़िया नाले की सफाई भी प्रभावित हो रही है। यहां सैकड़ों लोगों ने नाले तक अतिक्रमण कर लिया है। नगर निगम द्वारा कार्रवाई न किए जाने की वजह से हालात खराब हो गए हैं। इसके अलावा लकड़पुर में नाले के ऊपर ही लोगों ने रैंप व स्लैब डालकर रास्ते बना दिए हैं।

    इस वजह से यहां नाले की सफाई नहीं हो पा रही है। प्राधिकरण ने नगर निगम को कब्जे हटाने को कहा था लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो सका है।

    यह भी पढ़ें: मोहना एलिवेटेड मार्ग के निर्माण में गड़बड़ी, घटिया सामग्री और बिना मंजूरी बदला डिजाइन; PWD पर उठे सवाल