दैनिक जागरण पड़ताल: फरीदाबाद में खतरे के साये में बिजली दफ्तर आने वाले कर्मचारी, जर्जर हैं इमारतें
फरीदाबाद में बिजली निगम के कई कार्यालय और शिकायत केंद्र जर्जर इमारतों में चल रहे हैं, जिससे कर्मचारियों और उपभोक्ताओं को हादसे का खतरा है। ...और पढ़ें
-1783859120447_m.webp)
एआई जनरेटेड इमेज।
HighLights
फरीदाबाद में बिजली निगम के कई कार्यालय जर्जर हालत में।
छतें, दीवारें खराब, मानसून में हादसे का बना रहता है डर।
एसडीओ घायल, मरम्मत की मांग पर अधिकारियों का आश्वासन।
अनिल बेताब, फरीदाबाद। फरीदाबाद जिले में बिजली निगम के कई कार्यालय और शिकायत केंद्र जर्जर इमारतों में चल रहे हैं। छतें जर्जर हैं और दीवारों में सीलन है। स्टोर और शौचालयों की दशा भी ठीक नहीं है। कई जगह प्लास्टर उखड़ रहा है।
मानसून में ऐसी इमारतों के कारण कई जह हादसे की आशंका बनी हुई है। सबसे अधिक दिक्कत उन लाइनमैन और सहायक लाइनमैन के लिए है, जो शिकायत केंद्र में बैठ कर रजिस्टर में शिकायत लिखते हैं। केंद्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में उपभोक्ता बिजली गुल होने की शिकायत करने आते हैं।
ऐसे में इन इमारतों में आना उपभोक्ता के लिए भी जोखिम भरा है। शुक्रवार को जब जागरण पड़ताल की गई तो कई बिजली दफ्तरों और शिकायत केंद्रों का हाल खराब ही दिखा।
यहां तो आम नागरिकों के लिए भी जोखिम
जिस दो नंबर के बिजली दफ्तर के भूतल पर बने शौचालय में लेंटर के कुछ हिस्से के गिरने से एसडीओ घायल हुए थे। उसके प्रथम तल पर कई जेई और अन्य कर्मचारी बैठते हैं। इस दफ्तर की दीवारों में सीलन थी। इस इमारत का ऊपरी हिस्सा भी जर्जर था। इसी परिसर में ही शिकायत केंद्र भी है। केंद्र की दीवारों का कई बार प्लास्टर उखड़ कर गिर चुका है। यहीं एक स्टोर है, जिसमें मरम्मत से जुड़ी साम्रग्री रखी होती है। इसकी दीवारें भी जर्जर थीं।
शिकायत करने पहुंचे लोग तो बाहर आए कर्मचारी
दो नंबर एच ब्लाक में शुक्रवार सुबह ट्रांसफार्मर में तकनीकी खामी आने से बिजली गुल हो गई थी। ऐसे में स्थानीय निवासी रमेश, सुरेंद्र और गौरव शिकायत करने को बिजली शिकायत केंद्र पहुंचे थे तो कर्मचारी उन्हें बाहर लेकर आ गए। यहां के कर्मचारियों ने बताया कि वर्षा के दिनों में केंद्र के अंदर बैठना खतरे से खाली नहीं है। बिजली कर्मचारी यूनियन के यूनिट प्रधान लेख राज कहते हैं कि उन्होंने जर्जर इमारतों की दशा सुधारने के लिए कई बार उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा है, मगर अब तक ध्यान नहीं दिया गया है।
खबरें और भी
सेक्टर-18 की जर्जर इमारत में चल रहा बिजली शिकायत केंद्र
सेक्टर-18 में हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के अधीक्षण अभियंता का कार्यालय है। इसी कार्यालय के नजदीक ही आवासीय परिसर है। इसी परिसर में बिजली शिकायत केंद्र है। जहां कई जेई और कर्मचारी बैठते हैं। यह इमारत कंडम है। यहां कई बार लोग बिजली गुल होने की शिकायत करने आते हैं। नेहरू ग्राउंड की बिजली शिकायत केंद्र की इमारत भी जर्जर हाल में है।
सिर पर लेंटर का हिस्सा गिरने से घायल हो गए थे एसडीओ
वर्षा के दौरान बृहस्पतिवार को दो नंबर स्थित बिजली दफ्तर के जर्जर शौचालय के लेंटर का कुछ हिस्सा गिर गया। इससे एसडीओ युगांक जैन के सिर पर चोट लगी है। जिला नागरिक अस्पताल में शाम को उनका इलाज कराया गया और थोड़ी देर बाद छुट्टी दे दी गई।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में NHAI ने एक महीने पहले बनाई सर्विस रोड, अब गंदा पानी जमा होने से टूटने का खतरा
अधिकांश कार्यालय सही इमारतों में चल रहे हैं। थोड़ी बहुत अगर कहीं कमी है तो उसे मरम्मत करवा कर ठीक करवाया जाएगा। इसके लिए मरम्मत का इस्टीमेट बनवाया जाएगा। - जितेंद्र ढुल, अधीक्षण अभियंता बिजली निगम