दक्षिण हरियाणा के जिले जुड़ेंगे नोएडा-ग्रेटर नाेएडा से, 1550 करोड़ की परियोजना से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
हरियाणा सरकार ने बजट में फरीदाबाद में 1550 करोड़ रुपये की लागत से 17 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मार्ग की घोषणा की है। यह परियोजना पूर्वी और पश्चिमी फरीदाब ...और पढ़ें

प्रदेश सरकार ने मंगलवार को बजट में पूर्वी फरीदाबाद (ग्रेटर फरीदाबाद) से पश्चिमी फरीदाबाद (बड़खल मार्ग) तक 17 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मार्ग की घोषणा की है। प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
सुशील भाटिया, फरीदाबाद। आने वाले समय में दक्षिण हरियाणा के जिलों की नोएडा-ग्रेटर नोएडा के सड़क मार्ग से कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी। प्रदेश सरकार ने मंगलवार को बजट में पूर्वी फरीदाबाद (ग्रेटर फरीदाबाद) से पश्चिमी फरीदाबाद (बड़खल मार्ग) तक 17 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मार्ग की घोषणा की है।
करीब 1550 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के सिरे चढ़ने से जहां औद्योगिक नगरी का स्वरूप ही पूरी तरह से बदल जाएगा, वहीं फरीदाबाद के साथ-साथ गुरुग्राम, मानेसर, पलवल व नूंह आदि जिले नोएडा, ग्रेटर नोएडा व गाजियाबाद के नजदीक आ जाएंगे।
वित्त मंत्री के रूप में बजट पेश करने के दौरान सीएम नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद के लिए दो महत्वपूर्ण एलिवेटेड संपर्क मार्ग परियोजनाओं की घोषणा की। इनमें पूर्वी फरीदाबाद से पश्चिमी फरीदाबाद तक मुंबई एक्सप्रेसवे से सैनिक कालोनी मोड़ को जोड़ते हुए लगभग 850 करोड़ रुपये की लागत से करीब आठ किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मार्ग विकसित किया जाएगा।
इस परियोजना में पांच फ्लाईओवर भी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त पूर्वी फरीदाबाद से पश्चिमी फरीदाबाद(बाटा मार्ग) तक सैनिक कालोनी मोड़ से बीपीटीपी चौक तक लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से नौ किलोमीटर लंबा एलिवेटेड संपर्क मार्ग विकसित किया जाएगा। इस मार्ग में चार फ्लाईओवर भी प्रस्तावित हैं।
खबरें और भी
परियोजना के तहत पहली कनेक्टिविटी के लिए एलिवेटेड पुल की शुरुआत सैनिक कालोनी-मस्जिद चौक को पार कर प्याली-हार्डवेयर चौक से होते हुए सीधे बाटा रेलवे पुल को पार कर कोर्ट रोड से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक होगी। दूसरी कनेक्टिविटी के लिए गुरुग्राम जाने वाली मोड़ से एलिवेटेड पुल बनने की शुरुआत होगी जो बड़खल-अनखीर चाैक से होते हुए बड़खल पुल को पार करते हुए सेक्टर-19-28 की डिवाइडिंग सड़क से एक्सप्रेसवे तक होगी।
इस कनेक्टिविटी से कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेसवे, मंझावली पुल तक जाना-आना सुगम होगा। फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद कनेक्टिविटी पर भी काम शुरू होने वाला है। इस तरह से शहर पास आएंगे और सड़क मार्ग से आवागमन बेहतर हो जाएगा।
ग्रेटर फरीदाबाद का हो रहा विस्तार
औद्योगिक नगरी फरीदाबाद दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों तरफ बसा हुआ है। एक हिस्सा पूर्वी फरीदाबाद और दूसरा हिस्सा पश्चिमी फरीदाबाद के रूप में जाना जाता है। पूर्वी हिस्से का विस्तार अब ग्रेटर फरीदाबाद के रूप में हो चुका है और आने वाले समय में इसमें 19 सेक्टर और बनाए जाने की घोषणा भी हो चुकी है। इस तरह से ग्रेटर फरीदाबाद पूरी तरह से नोएडा-ग्रेटर नोएडा से सट चुका है। यहां से हजारों की संख्या में लोग प्रतिदिन गुरुग्राम आवागमन करते हैं।
बीच में राष्ट्रीय राजमार्ग होने से प्रतिदिन शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम लगता है। इन परियोजनाओं के सिरे चढ़ने से यातायात जाम से राहत मिल जाएगी, साथ ही गुरुग्राम से लोग फरीदाबाद होते हुए औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे एनसीआर से जुड़ाव और अधिक सुदृढ़ होगा। विधायक धनेश अदलखा ने यह मांग सीएम सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल व केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के समक्ष रखी थी, जो मंजूर हो गई है। विधायक ने इसके लिए तीनाें का आभार व्यक्त किया है।
रैपिड मेट्रो की पहले ही हो चुकी है घोषणा
एक सप्ताह पूर्व ही प्रदेश सरकार ने गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाली नमो भारत आरआरटीएस के अंतिम अलाइनमेंट को मंजूरी दी थी। इस तरह से गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा आपस में रैपिड मेट्रो के जरिए जुड़ जाएंगे। अभी गुरुग्राम व फरीदाबाद का मेट्रो के जरिए सीधे से नोएडा तक कनेक्शन नहीं है।
बजट में एक महत्वपूर्ण घोषणा रेवाड़ी के बावल से दिल्ली को आरआरटीएस के माध्यम से जोड़ने की भी हुई है। यह 93 किलोमीटर का नया कारिडोर होगा। इसके शुरू होने से पीतल नगरी रेवाड़ी का दिल्ली से सीधा जुड़ाव हो जाएगा इस तरह से आने वाले समय में दक्षिण हरियाणा की कनेक्टिविटी बेहद बेहतर होने वाली है।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद के मोहना गांव में परिवार को बंधक बनाकर तीन लाख की लूट, सीसीटीवी के तार काटे; फायरिंग की
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में ये कैसा ट्रांसफर? 400 के बदले दिए सिर्फ 40 शिक्षक, सरकारी स्कूलों में पहले से ही 30% सीटें खाली
यह भी पढ़ें- रोजाना 40 लाख की वसूली, फिर भी सुविधा नहीं: फरीदाबाद में टोल रोड पर जर्जर सड़कें और गड्ढों से लोग परेशान