फरीदाबाद में सड़क सुरक्षा बनी बड़ी चुनौती, भारी चालान के बावजूद नियम तोड़ रहे वाहन चालक
फरीदाबाद में हर महीने 18 हजार चालान और जागरूकता अभियानों के बावजूद सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। वाहन चालक मोबाइल पर बात करने, तीन सवारी बैठाने, गलत दिशा मे ...और पढ़ें

हाईवे पर गलत दिशा में आते हुए आटो चालक। जागरण
HighLights
फरीदाबाद में हर महीने 18 हजार चालान काटे जा रहे हैं।
मोबाइल उपयोग, तीन सवारी जैसे नियम उल्लंघन हादसों का कारण।
पुलिस जागरूकता अभियान चला रही, पर असर कम दिख रहा।
संजय शर्मा, फरीदाबाद। सड़क पर छोटी सी लापरवाही या जल्दबाजी जान ले लेती है। ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए पुलिस भी खूब सख्ती बरत रही है। जमकर चालान किए जा रहे हैं, लेकिन हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। हैरत की बात यह है कि अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों का पालन न करने की वजह से हो रही हैं।
अब कोहरा शुरू हो गया है। ऐसे में यदि सावधानी नहीं बरती तो हादसे बढ़ेंगे। लगता है नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कोई असर नहीं हो रहा है। दोपहिया वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करते हैं।
दोपहिया वाहन पर तीन से पांच लोग बैठे रहते हैं। गलत दिशा में वाहन चलाते हैं। कई वाहन तो ओवरलोड होकर चलते हैं। कई बाइक सवार बिना हेलमेट के वाहन चलाते हैं।
हर महीने कट रहे 18 हजार चालान
यातायात पुलिस सहित थाना व चौकी पुलिस हर महीने करीब 18 हजार चालान कर रही है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहरभर में हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों का कैमरों की वजह से चालान किया जाता है।
यह भी पढ़ें- तिगांव में फिरनी सड़क निर्माण के लिए यातायात रूट डायवर्ट, 7 फरवरी तक रहेगा बदलाव; एडवाइजरी जारी
महीने में पोस्टल चालान भी खूब भेजे जा रहे हैं। सड़क सुरक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश व अन्य नियमों के पालन को लेकर हर महीने बैठक होती है। इसकी अध्यक्षता जिला उपायुक्त करते हैं। यहां बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर चिंतन-मंथन होता है लेकिन धरातल पर असर दिखाई नहीं दे रहा है।
यातायात थाना प्रभारी अनोज कुमार का कहना है कि पुलिस स्कूल व कालेजों में जाकर भी जागरूकता अभियान चला रही है। सड़कों पर भी वाहन चालकों को जागरूक किया जाता है। चालान भी किए जा रहे हैं।
इन सड़कों पर होते हैं अधिकतर हादसे
- हाईवे
- बाईपास पर निर्माणाधीन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे
- फरीदाबाद-गुरुग्राम सड़क
- ग्रेटर फरीदाबाद की मास्टर रोड
- फरीदाबाद-सोहना सड़क
- सूरजकुंड सड़क
यह भी पढ़ें- नाबालिग नेशनल शूटर से यौन शोषण का आरोपी राष्ट्रीय कोच फरार, चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली; दोनों मोबाइल स्विच ऑफ