ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास फिर बना मौत का जाल, पानी में डूबी फॉर्च्यूनर; वेंटिलेटर पर पहुंचा चालक
ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास में बारिश के बाद 25-30 फीट पानी भरने से एक फॉर्च्यूनर कार डूब गई, जिससे चालक वेंटिलेटर पर है। स्थानीय लोगों और पुलिस ने उसे समय ...और पढ़ें

ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास में बारिश के बाद 25-30 फीट पानी भरने से एक फॉर्च्यूनर कार डूब गई
HighLights
ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास में फॉर्च्यूनर डूबी, चालक वेंटिलेटर पर।
बारिश के बाद 25-30 फीट पानी भरा, चालक ने चेतावनी अनसुनी की।
पहले भी दो लोगों की मौत हुई थी, सुरक्षा उपाय नाकाफी।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। शुक्रवार को वर्षा के बाद ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास एक बार फिर जानलेवा स्थिति में पहुंच गया। शुक्रवार शाम करीब सात बजे अंडरपास में 25 से 30 फीट तक पानी भर गया। इसी दौरान स्थानीय लोगों के मना करने के बावजूद करीब 60 वर्षीय व्यक्ति फार्च्यूनर लेकर पानी में उतर गया।
कुछ ही दूरी पर कार पानी में फंस गई और चालक डूबने लगा। गनीमत रही कि समय रहते स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने उसे बाहर निकाल लिया। चालक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे नीलम चौक स्थित निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है।
बताया गया कि चालक महिला थाना सेक्टर-21 की तरफ से अंडरपास की ओर आया था। स्थानीय लोगों ने पानी की गहराई को देखते हुए उसे अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं मानी और कार लेकर अंडरपास में चला गया। पानी ज्यादा होने के कारण फार्च्यूनर बीच में फंस गई और देखते ही देखते पानी में डूबने लगी।
पानी भरने के बाद कार के मैनुअल कंट्रोल ने भी काम करना बंद कर दिया। दरवाजे और शीशे नहीं खुलने के कारण चालक अंदर फंस गया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने बचाव अभियान शुरू किया। एक युवक ने अपने पैरों से कार का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकालने में मदद की।
खबरें और भी
इस दौरान उसके पैर में भी चोट लग गई। करीब साढ़े सात बजे चालक को निजी अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। पानी में पूरी तरह डूबी फार्च्यूनर को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
पहले भी दो लोगों की जा चुकी है जान
ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास में वर्षा के दौरान पानी भरने की समस्या नई नहीं है। 13 सितंबर 2024 को करीब 10-11 फीट पानी भरने के बाद एक एसयूवी कार अंडरपास में डूब गई थी। कार में सवार गुरुग्राम के निजी बैंक में कार्यरत मैनेजर पुण्यश्रेय शर्मा और कैशियर विराज द्विवेदी की अंदर फंसने से मौत हो गई थी।
दोनों की मौत दम घुटने के कारण हुई थी। उस हादसे के बाद प्रशासन ने अंडरपास के मुहाने पर स्टील के गेट लगवाए थे, ताकि बारिश के दौरान पानी भरने पर वाहनों का प्रवेश रोका जा सके। शुक्रवार को हालात यह रहे कि फतेहपुर चंदीला की तरफ लगे गेट से पहले ही सात से आठ फीट तक पानी जमा हो गया था। इस कारण अंडरपास के बाहर तक जलभराव हो गया और वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया।
स्कूल बस भी पानी में फंसी
शुक्रवार को दिन में एक स्कूल बस भी अंडरपास में भरे पानी में बंद हो गई थी। बाद में बारिश जारी रहने से जलस्तर बढ़ता गया और बस भी पानी में डूब गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास में पानी भरने के बाद प्रवेश पूरी तरह रोकने के लिए दोनों तरफ प्रभावी बैरिकेडिंग और निगरानी जरूरी है।