फरीदाबाद वाले सावधान दें! ज्यादा पानी खर्च करने पर बढ़ेगा जेब पर भार, 200 प्रतिशत तक देना होगा टैक्स
फरीदाबाद में पानी और सीवर के बिलों में 200% तक की बढ़ोतरी की गई है, जिससे शहर के साढ़े तीन लाख उपभोक्ता प्रभावित होंगे। नई नीति जल संरक्षण पर जोर देती है, अधिक पानी खर्च करने पर ज्यादा भुगतान करना होगा और अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई होगी।

डबुआ कालोनी में तीन नंबर चुंगी के पास से गुजर रही पानी की लाइन से पानी भरते हुए लोग। जागरण
HighLights
पानी और सीवर के बिलों में 200% तक वृद्धि।
500 गज तक 10 किलोलीटर पानी निःशुल्क मिलेगा।
अवैध कनेक्शनों पर लगेगा भारी जुर्माना और कार्रवाई।
दीपक पांडेय, फरीदाबाद। प्रापर्टी टैक्स को लेकर नई पालिसी लागू करने के बाद अब पानी सीवर रेट को भी सरकार की ओर से रिवाइज कर दिया गया है। जिसका प्रभाव शहर के साढ़े तीन लाख उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। हालांकि शहर में सात लाख प्रापर्टी यूनिट है। लेकिन वैध कनेक्शन साढ़े तीन लाख के करीब है।
नई नोटिफिकेशन में जल संरक्षण को लेकर जोर देने का प्रयास किया गया है। अधिक पानी खर्च करने पर अधिक बिल चुकाना होगा। पानी और सीवर के बिल में 200 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। पहले एक रुपये किलोलीटर के हिसाब से चार्ज लिया जाता था। लेकिन अब चार्ज तीन रुपये के हिसाब वसूला जाएगा।
नया नोटिफिकेशन जारी होते ही क्षेत्रीय कराधान शाखा के अधिकारी डाटा तैयार करने में जुट गए है। इससे पहले सरकार ने इसी माह प्रापर्टी टैक्स को लेकर नई पालिसी लागू की थी। जिसमें प्रापर्टी टैक्स अब कलेक्टर रेट के हिसाब से बनाया जाएगा।
500 वर्ग तक गज के मकानों पर 10 किलोलीटर तक नहीं लगेगा कोई चार्ज
नई पालिसी के अनुसार 500 वर्ग गज तक के मकानों पर 10 किलोलीटर तक कोई भी चार्ज नहीं देना होगा। उसके बाद 10 किलोलीटर से 20 किलोलीटर तक छह रुपये प्रति लीटर और् 20 से 30 किलोलीटर तक साढ़े नौ रुपये प्रति लीटर के हिसाब से चार्ज देना होगा।
इसके साथ ही 30 से किलोलीटर से अधिक पर 12 रुपये प्रति लीटर तक बिल चुकाना होगा। इसके साथ ही औद्योगिक और व्यावसायिक श्रेणी में 500 से एक हजार रुपये शुल्क तय किया गया है। जो पहले चार रुपये किलोलीटर के हिसाब से था।
बिना मीटर वाले कनेक्शन को लेकर भी शुल्क किया तय /Bबिना मीटर वाले कनेक्शन में पहले औसत बिल 48 रुपये प्रति माह था। जो अब बढ़ाकर 175 से लेकर 870 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। वहीं घरेलू और वाणिज्यक में सीवर चार्ज पानी के बिल का 25 प्रतिशत तक देना होगा।
नगर निगम के अब अवैध कनेक्शन चुनौती बनेंगे। क्योंकि सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन में सीवर और पानी के अवैध कनेक्शनों पर कड़ी कार्रवाई के लिए कहा गया है। अवैध कनेक्शन करने वालों पर 500 से 1200 रुपये तक जुर्माना लगाया जाएगा। उनके खिलाफ पुलिस में भी शिकायत दी जाएगी।
क्या बोले लोग
प्रापर्टी टैक्स के एकदम पानी और सीवर के बिल में एकदम से बढ़ोतरी नहीं करनी चाहिए थी। हालांकि अब लोग अधिक जल संरक्षण पर भी ध्यान देंगे। क्योंकि अधिक पानी खर्च करने से उनकी जेब पर भी भार पड़ेगा।
- विक्रम, प्रधान, सेक्टर-56 आरडब्ल्यूए
पहले ही मंहगाई ने कमर तोड़ी हुई है। अब टैक्स, पानी और सीवर चार्ज में बढ़ोतरी होने से लोगों की परेशानी और अधिक बढ़ जाएगी। सरकार को नए नोटिफिकेशन को लेकर दोबारा विचार करना चाहिए। इससे लोगों की परेशानी ही बढ़ेगी।
- मनोज चौरसिया, सेक्टर-23
पहले सरकार को लोगों के पास पानी पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए। मांग और आपूर्ति में 100 एमएलडी से अधिक का अंतर है। ऐसे में पानी का चार्ज और सीवर का चार्ज नहीं बढ़ाना चाहिए था। लोग अभी तो टैंकर से पानी खरीदकर प्रयोग कर रहे हैं।
- नीरज शर्मा, पूर्व विधायक, कांग्रेस
सीवर और पानी को लेकर नोटिफिकेशन जारी हुआ है। नई पालिसी के अनुसार डाटा तैयार किया जा रहा है। अवैध कनेक्शन वालों पर कार्रवाई करके जुर्माना वसूला जाएगा।
- विकास कन्हैया, क्षेत्रीय कर अधिकारी, नगर निगम
इस तरह लगेगा चार्ज
- 500 गज तक के मकानों पर (10 किलोलीटर तक): कोई चार्ज नहीं
- 10 से 20 किलोलीटर तक: ₹6.00 / किलोलीटर
- 20 से 30 किलोलीटर तक: ₹9.50 / किलोलीटर
- 30 किलोलीटर से अधिक: ₹12.00 / किलोलीटर
- बिना मीटर वाले कनेक्शन पर: ₹175 से ₹850 तक
- निगम के पास कुल कनेक्शन: 3.50 लाख
इंफो
- पानी आपूर्ति की जिम्मेदारी: 02 विभाग
- पानी सप्लाई के लिए बूस्टर: 69
- बूस्टिंग स्टेशनों की क्षमता: 163 MLD
- एक बूस्टर की क्षमता: 20 लाख लीटर
- पानी की कुल मांग: 379 MLD
- पानी की आपूर्ति: 283 MLD
- रेनीवेल से FMDA बूस्टर तक: 22 रेनीवेल
- सैंपलिंग का आदेश जारी: 08 माह पहले
- गठित अधिकारियों की कमेटी: 03 अधिकारी
