Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सरकारी स्कूलों से निकलेंगे भविष्य के उद्यमी, फरीदाबाद में छात्रों को बिजनेस की बारीकियां सिखाएंगे 'गुरुजी'

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 12:19 PM (IST)

    सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी अब किताबी ज्ञान के साथ व्यावसायिक कौशल भी सीखेंगे, जिसके लिए कुशल बिजनेस चैलेंज 3.0 शुरू किया गया है। ...और पढ़ें

    सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी अब किताबी ज्ञान के साथ व्यावसायिक कौशल भी सीखेंगे। जागरण

    सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी अब किताबी ज्ञान के साथ व्यावसायिक कौशल भी सीखेंगे। जागरण

    जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी किताबी ज्ञान के साथ-साथ बिजनेस के लिए तैयार किए जाएंगे। स्कूल स्तर पर ही अध्यापक विद्यार्थियों का व्यावसायिक कौशल बढ़ाएंगे।

    कुशल बिजनेस चैलेंज (केबीसी) 3.0 के तहत शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी सरकारी स्कूलों से नौंवी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों और अध्यापकों की संख्या मांगी गई है। प्रशिक्षित अध्यापकों को मार्गदर्शक (मेंटोर) बनाया जाएगा। यह विद्यार्थियों के बिजनेस आइडिया को तराशने में मदद करेंगे।

    नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विद्यार्थियों के व्यावसायिक कौशल को बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है। विद्यार्थियों के लिए खास वर्कबुक तैयार की गई है।

    इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी टॉपर बनाना नहीं, बल्कि बाजार की मांग के अनुसार जरूरी स्किल्स कम्युनिकेशन, क्रिटिकल थिंकिंग और क्रिएटिविटी से लैस करना है। जिससे पढ़ाई पूरी करने बाद उन्हें आसानी से रोजगार मिल सके। वह भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

    विद्यार्थियों को बिजनेस स्टार्ट करने में सरकार करेगी मदद 

    कुशल बिजनेस चैलेंज के तहत विद्यार्थियों को ब्लाक स्तर से राज्य स्तर पर अपने आइडिया प्रस्तुत करने होंगे। चयनित विद्यार्थियों के लिए सरकार की तरफ से स्टार्ट-अप शुरू करने के लिए सहायता दी जाएगी। विद्यार्थियों की सहायता के लिए एससीईआरटी के सहयोग से मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे।

    इन्हें जुलाई के पहले सप्ताह में राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) गुरुग्राम में पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद यह मास्टर ट्रेनर अपने जिला व ब्लाक के शिक्षकों को प्रशिक्षण देकर ट्रेनर के रूप में तैयार करेंगे। इसके बाद एक कक्ष पर एक शिक्षक होगा और बच्चों को बिजनेस की बारीकियां सिखाएंगे।

    खबरें और भी

    किसी भी स्ट्रीम के विद्यार्थी दे सकते हैं बिजनेस आइडिया 

    केबीसी के लिए कॉमर्स, आर्ट्स और साइंस तीनों स्ट्रीम के विद्यार्थी आइडिया दे सकते हैं। प्रत्येक स्कूल में पांच-पांच विद्यार्थियों का ग्रुप बनेगा। ग्रुप द्वारा एक आइडिया पर कार्य किया जाएगा। इसके पीछे विभाग का लक्ष्य है कि एक ही आइडिया पर कई विद्यार्थियों द्वारा मिलकर कार्य करने से उनमें मिलकर आगे बढ़ने की भावना विकसित होगी। एक दूसरे का सहयोग करेंगे तो लक्ष्य को पाना आसान होगा।

    हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की तरफ से कुशल बिजनेस चैलेंज 3.0 आयोजित किया जा रहा है। जिससे स्कूल स्तर पर ही विद्यार्थियों के आइडिया को बिजनेस में बदला जाएगा। इससे विद्यार्थी बिजनेस स्थापित करने के लिए प्रेरित होंगे। सभी स्कूलों से विद्यार्थियों और अध्यापकों की संख्या सहित अन्य जानकारी निदेशालय को भेज दी गई है।
    -डॉ. मनोज मित्तल, उप जिला शिक्षा अधिकारी।

    यह भी पढ़ें: फरीदाबाद में मजाक बना खूनी जंग का कारण, चचेरे भाइयों के बीच जमकर मारपीट