फरीदाबाद मोहना एलिवेटेड रोड पर PWD का एक्शन, 225 करोड़ का प्रोजेक्ट दिसंबर तक पूरा करने की डेडलाइन तय
पीडब्ल्यूडी के अधीक्षक अभियंता मनोज ओला ने मोहना एलिवेटेड मार्ग के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। ...और पढ़ें

मोहना रोड एलिवेटेड रोड दिसंबर तक करना होगा पूरा। फोटो: आर्काइव
HighLights
अधीक्षक अभियंता मनोज ओला ने मोहना एलिवेटेड मार्ग का निरीक्षण किया
निर्माण कार्य को दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए
धीमी गति और गुणवत्ता को लेकर विजिलेंस जांच भी जारी
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीक्षक अभियंता मनोज ओला ने मोहना एलिवेटेड मार्ग के निर्माण कार्य का साइट पर जाकर निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार को मार्ग के निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। ताकि इसे दिसंबर-2026 तक पूरा किया जा सके।
निर्माण कार्य में देरी और अधूरे पड़े पिलर
पीडब्ल्यूडी मोहना रोड को 225 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड मार्ग बना रहा है। इसका निर्माण कार्य जून-2024 में शुरू हुआ था और जून-2026 में पूरा किया जाना था, जो अभी तक पूरा नहीं हुआ।
अभी तक मार्ग के लिए 300 मीटर की दूरी में पेयजल की पाइप लाइन बाधा होने के कारण पिलर बनाने का काम अधूरा पड़ा हुआ है।
90 पिलर बनाए जाने हैं। कुछ भाग में आइ गार्डर रखने और उनके ऊपर लिंटर डालने का काम चल रहा है। काफी पिलर के ऊपर पीयर कैप बनाई जा चुकी है।
विजिलेंस जांच के बीच अधिकारियों ने किया निरीक्षण
मार्ग के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के प्रयाेग करने और मानकों के अनुसार निर्माण कार्य न किए जाने के बारे में लोगों ने विजिलेंस से शिकायत कर दी। विजिलेंस भी मामले की जांच कर रही है।
इन सभी मामलों को ध्यान में रखते हुए पीडब्ल्यूडी के अधीक्षक अभियंता मनोज ओला ने पूरे एलिवेटेड मार्ग की साइट का पैदल चल कर निरीक्षण किया। उन्होंने नाले के साथ बनाए गए वैकल्पिक मार्ग का भी निरीक्षण किया।
ओला के साथ पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता प्रकाशलाल, उपमंडल अधिकारी रविंद्र सिंह, रामप्रकाश, कनिष्ठ अभियंता तरुण जैन तथा ठेकेदार के अधिकारी व कर्मचारी भी थे।
दिसंबर-2026 तक काम पूरा करने के निर्देश
अधीक्षक अभियंता ओला ने कहा कि मोहना मार्ग एलिवेटेड का निर्माण कार्य बहुत ही धीमी गति से चल रहा है। इसका निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हो पाया।
अब इसके निर्माण कार्य की गति तेज होनी चाहिए और दिसंबर-2026 तक हर हालत में मार्ग का निर्माण कार्य पूरा हो जाना चाहिए। ताकि राजमार्ग व दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को जोड़ा जा सके और लोग दोनों मार्ग का आने-जाने में प्रयोग कर सकें।
उन्होंने विजिलेंस जांच को लेकर कहा यह जांच तो चलती ही रहती हैं। जब काम किया जाएगा तो जांच भी होंगी।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में जीआरपी का आदेश, थाने के क्षेत्र के चक्कर में नहीं भटकेंगे पीड़ित; तुरंत दर्ज होगी जीरो FIR
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में स्नातक दाखिले का आज अंतिम मौका, रात में बंद होगा पोर्टल; छूटे छात्रों को करना होगा इंतजार