Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नीमका जेल के बाहर अब कैदियों का स्वागत बंद, अपराधियों की 'जय' करने वालों की लिस्ट बनाएगी क्राइम ब्रांच

    Updated: Wed, 25 Mar 2026 06:48 PM (GMT+05:30)

    नीमका जेल से कैदियों की रिहाई पर होने वाली हुड़दंगबाजी और स्वागत समारोहों पर अब सख्ती बरती जाएगी। एसीपी क्राइम ने निर्देश दिए हैं कि क्राइम ब्रांच की ...और पढ़ें

    अब कैदियों की रिहाई के समय हर शाम क्राइम ब्रांच की एक टीम जेल के बाहर तैनात रहेगी। फाइल फोटो

    अब कैदियों की रिहाई के समय हर शाम क्राइम ब्रांच की एक टीम जेल के बाहर तैनात रहेगी। फाइल फोटो

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    हरेंद्र नागर, फरीदाबाद। नीमका जेल से जमानत पर छूटने वाले कैदियों के स्वागत के नाम पर होने वाली हवाबाजी और हुड़दंग करने वालों पर अब सख्ती की जाएगी। एसीपी क्राइम ने मामले का संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए हैं कि कैदियों की रिहाई के समय हर शाम क्राइम ब्रांच की एक टीम जेल के बाहर तैनात रहेगी। इसका उद्देश्य भीड़ और वाहनों के जमावड़े पर नियंत्रण करना तथा कानून व्यवस्था बनाए रखना है।

    सड़क कर देते हैं जाम

    पुलिस के अनुसार नीमका जेल से कैदियों के छूटने का समय शाम करीब पांच से सात बजे के बीच होता है। इस दौरान कैदियों को लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग जेल के बाहर पहुंच जाते हैं। कई बार समर्थक सड़क पर वाहन खड़े कर देते हैं और माला पहनाकर स्वागत करते हैं। इस दौरान भीड़ जमा होने से जेल के सामने वाली सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे राहगीरों को परेशानी होती है।

    कानून का भय कम होने की मानसिकता को बल

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई मामलों में कैदी के छूटने पर समर्थक हुड़दंग करते हुए वीडियो बनाते हैं और सोशल मीडिया पर प्रसारित करते हुए महिमामंडन करते हैं। इससे समाज में गलत संदेश जाता है और युवाओं पर नकारात्मक असर पड़ता है। साथ ही, इससे कानून का भय कम होने की मानसिकता भी बनती है।

    बनाई जाएगी सूची

    हाल ही में एक नशा तस्कर के जेल से छूटने के बाद उसके साथियों द्वारा सड़क पर हुड़दंग करने का मामला सामने आया था। उस समय सदर थाना पुलिस ने संज्ञान लेते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

    खबरें और भी

    इसके बाद पुलिस ने इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। क्राइम ब्रांच की टीम अपराधियों के स्वागत के लिए एकत्र होने वालों पर नजर रखेगी, जरूरत पड़ने पर उनके फोटो और वीडियो भी बनाकर रखे जाएंगे। ऐसे लोगों की सूची बनाकर उनकी गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।

    "कैदियों की रिहाई के समय जेल के बाहर अनावश्यक भीड़ और हवाबाजी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर वाहन खड़े कर जाम लगाने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होगी। क्राइम ब्रांच की एक टीम रोजाना निर्धारित समय पर मौके पर मौजूद रहेगी और स्थिति पर नजर रखेगी, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।"

    -वरुण दहिया, एसीपी क्राइम

    यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में शादियों का सीजन शुरू होने से पहले 61 मैरिज हॉल सील, शहनाई पर संकट

    यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में डीबीसी वाले उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग कराने की अवधि बढ़ कर 35 दिन हुई

    यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में यमुना पर PWD विभाग ने किया बड़ा काम, किसानों को फसल लाने में मिलेगी राहत