10 साल से नूंह आता-जाता रहता था पाकिस्तानी जासूस, हरियाणा पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को भनक तक न लगी
पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में कश्मीर में पकड़ा गया एक जासूस पिछले दस सालों से मेवात के गांवों में सक्रिय था। नूंह और पलवल में उसके कई संपर्क थे, ...और पढ़ें

पाकिस्तानी जासूस को शरण देने वाला पकड़ा गया। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
जासूस दस साल से नूंह-पलवल के गांवों में सक्रिय था
खोरीकलां के नासिर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया
जांच एजेंसियां जासूस के पुराने संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं
गरण संवाददाता, नूंह। पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में कश्मीर से पकड़ा गया जासूस पिछले दस वर्ष से मेवात के विभिन्न गांवों में आता रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
खोरी कलां गांव में पेप्सी स्टाॅल लगाने वाले के पास रुकता था जासूस
जासूस तावड़ू क्षेत्र के खोरी कलां गांव में पेप्सी का स्टाल चलाने वाले नासिर के पास भी कई बार रुका था। नासिर मूल रूप से पलवल जिले के पावसर गांव का रहने वाला है।
यहां अपने पिता के साथ दुकान पर हाथ बटाने के अलावा पढ़ाई कर रहा है। पकड़े गए जासूस के नूंह व पुन्हाना में भी कई लोगों के संपर्क बताए गए हैं।
पूछताछ के बाद छोड़ा, फिर दोबारा हिरासत में लिया
मामले की जांच कर रही जम्मू कश्मीर से आई पुलिस ने पलवल एसटीएफ के साथ मिलकर नासिर को दो दिन पहले पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, बृहस्पतिवार को उसे छोड़ दिया गया।
शुक्रवार को दोपहर बाद फिर से पलवल एसटीएफ की टीम तावड़ू खंड के खोरीकलां गांव पहुंची और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। हालांकि नासिर के पिता अरशद का कहना है कि उनके बेटे का जासूसी प्रकरण से कोई लेना-देना नहीं है। उसने कश्मीर के युवक के नासिर के पास आने की बात जरूर मानी है।
तीन दिन से कई गांवों में पूछताछ, आठ लोग हिरासत में
बता दें कि पिछले तीन दिन से जम्मू कश्मीर पुलिस, एनआईए तथा केंद्रीय जांच एजेंसी और पलवल एसटीएफ ने पाकिस्तान के लिए जासूसी प्रकरण मामले में पूछताछ के लिए अलग-अलग गांवों से लगभग आठ लोगों को उठाया था।
खबरें और भी
जिनमें पलवल के पावसर गांव के युवक भी शामिल हैं। पावसर गांव के अलावा नूंह जिले के कई युवकों से पूछताछ की गई है, तो नासिर के बारे में पता चला।
घर की तलाशी, मोबाइल जब्त
शुक्रवार को जांच टीम ने करीब दो घंटे तक नासिर के घर डेरा डाले रखा। इस दौरान घर की तलाशी भी ली गई है। नासिर के मोबाइल को भी कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है।
पहले भी नूंह से पकड़े जा चुके हैं जासूस
विदित रहे कि इससे पहले पिछले वर्ष पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में नूंह जिले के अरमान राजाका तथा तारीफ कांगरका को गिरफ्तार किया गया था। उधर, पलवल में तीसरे दिन भी जांच टीमों ने विभिन्न लोगों से पूछताछ का क्रम जारी रखा।
केंद्रीय खुफिया विभाग की रिपोर्ट के बाद पलवल और नूंह से करीब आठ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हथीन क्षेत्र के पावसर गांव से तीन और नूंह के तावडू इलाके से करीब पांच युवकों को हिरासत में लिया गया।
दो सगे भाई भी हिरासत में, एक पर सहयोगी होने का शक
हथीन के बहीन थाना क्षेत्र के पावसर गांव से जिन तीन युवकों को हिरासत में लिया गया, उनमें से दो सगे भाई बताए जा रहे हैं। वहीं, तीसरा युवक पाकिस्तानी जासूस का सहयोगी बताया जा रहा है। यही युवक पाकिस्तानी जासूस को जम्मू-कश्मीर से पलवल और नूंह लाया था। जासूस ने खुद को श्रीनगर का रहने वाला बताया था।
2017 के पुराने संपर्क भी खंगाल रही एजेंसियां
जांच एजेंसियां यह जानकारी जुटाने में लगी हैं कि पाकिस्तानी जासूस किन-किन लोगों से मिला था और किन-किन स्थानों का दौरा किया था। यह भी सामने आया है कि साल 2017 के दौरान कुछ युवक जम्मू-कश्मीर में संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में आए थे, जिनके पाकिस्तान लिंक होने की आशंका जताई जा रही है।
इसी आधार पर एजेंसियां पुराने संपर्कों और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही हैं। हालांकि स्थानीय पुलिस इस बारे में कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान जासूसी प्रकरण: नूंह से युवक नासिर हिरासत में, पलवल एसटीएफ कर रही पूछताछ
यह भी पढ़ें- पलवल-नूंह में पाकिस्तान के लिए जासूसी नेटवर्क का खुलासा, हिरासत में लिए गए आठ युवक