'विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा जरूरी', फरीदाबाद में बोले डॉ. मनसुख मांडविया
प्रधानमंत्री मोदी ने 'नशा मुक्त युवा फार विकसित भारत संकल्प अभियान' शुरू किया, जिसमें फरीदाबाद में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने युवाओं को नशे से ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री मोदी ने 'नशा मुक्त युवा फार विकसित भारत संकल्प अभियान' शुरू किया। इमेज एआई
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से नशा मुक्त युवा फार विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। जिला स्तर पर ग्रेटर फरीदाबाद स्थित अमृता अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल और श्रम एवं रोजगार मंत्री डा. मनसुख मांडविया पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि यह अभियान विकसित भारत के निर्माण की दिशा में युवा शक्ति को संगठित करने वाला एक ऐतिहासिक जन आंदोलन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रखी गई विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में देश के स्वस्थ, सशक्त और जागरूक युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण करते हैं। अभियान से देशभर के प्रतिष्ठित आध्यात्मिक संगठन जुड़ रहे हैं। माता अमृतानंदमयी मठ, आर्ट आफ लिविंग सहित अनेक संस्थाओं के संत, गुरु और आध्यात्मिक मार्गदर्शक युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर कर खेल, सेवा, नवाचार, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है।
उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, युवा स्वयंसेवकों और लोगों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं को सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने का आह्वान किया। अमृता अस्पताल के प्रशासनिक निदेशक स्वामी निजामृतानंद पुरी ने युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों से नशे के विरुद्ध एकजुट होकर अभियान चलाने का आह्वान किया।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि नशा केवल स्वास्थ्य नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य के लिए गंभीर संकट है। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान को सराहनीय बताया है। इस दौरान मुख्य रूप से युवा कार्य विभाग की सचिव डा. पल्लवी जैन गोविल, अतिरिक्त सचिव नितेश कुमार मिश्रा, एडीसी अंजलि श्रोत्रिया और सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।